Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, May 20, 2026

लेखपाल भर्ती व बीएड प्रवेश परीक्षा में बरतें विशेष सतर्कता: दीपक कुमार

 लेखपाल भर्ती व बीएड प्रवेश परीक्षा में बरतें विशेष सतर्कता: दीपक कुमार.

लखनऊ: कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार ने 21 मई को होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा और 31 मई को प्रस्तावित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दोनों परीक्षाएं निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी स्तरों पर विशेष सतर्कता व समन्वय सुनिश्चित किया जाए।




उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष एसएन साबत ने बताया कि लेखपाल भर्ती मुख्य परीक्षा 21 मई को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक प्रदेश के 44 जिलों के 861 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा में 3,66,712 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने बताया कि संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा में इस वर्ष 4,44,958 आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रदेश के 72 जिलों के 1011 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि एआई आधारित सर्विलांस और कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी की जाएगी।


कृषि उत्पादन आयुक्त ने मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन जिलों में अधिक संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे, वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। केंद्र अधीक्षकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का गहन प्रशिक्षण कराया जाए ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही न हो। प्रश्नपत्र और अन्य गोपनीय सामग्री की निकासी निर्धारित केंद्र व सीरीज के अनुसार ही हो तथा समयबद्ध ढंग से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाई जाए। अभ्यर्थियों की चेकिंग और जामा तलाशी पूरी गंभीरता से की जाए।


उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर अभ्यर्थियों व उनके स्वजन की अधिक आवाजाही रहेगी। इसलिए पर्याप्त पुलिस बल और ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।



लेखपाल भर्ती व बीएड प्रवेश परीक्षा में बरतें विशेष सतर्कता: दीपक कुमार Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link