कम्पोजिट स्कूल में वाटर कूलर के करंट से बालिका चिपकी
फतेहपुर (बाराबंकी)। रौजा कंपोजिट विद्यालय में गुरुवार सुबह पानी पीने गई एक छात्रा वाटर कूलर में उतरे करंट की चपेट में आकर उससे चिपक गई। उसकी चीख सुन कर दौड़े शिक्षकों ने समय रहते किसी तरह उसे कूलर से अलग किया। करंट से घायल छात्रा को स्कूल के शिक्षक एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए। उपचार के बाद अब छात्रा ठीक है। इस घटना को लेकर अभिभावकों में बेहद नाराजगी है और वे इसे स्कूल प्रशासन की लापरवाही मान रहे हैं। इससे लोगों में काफी रोष है।
रौजा मजरे सिहाली निवासी राकेश पाल कोल्ड स्टोर में काम करते हैं। पत्नी नीलम स्कूल में रसोईया है। इनकी 10 वर्षीय पुत्री आंचल रौजा कंपोजिट विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा है। स्कूल में प्रिंसिपल रूम के पास वाटर कूलर लगाया गया है जिसमें किन्हीं कारणों से करंट उतर आया था। गुरुवार को छात्रा आंचल करीब 8:30 बजे वाटर कूलर में पानी पीने के लिए चली गई। टोंटी छूते ही उसका हाथ कूलर में चिपक गया। उसकी चीख सुन कर दौड़े शिक्षक उसे देखकर सहम गए। आनन-फानन सफाईकर्मी रमेश चन्द्र से झाड़ू लेकर उसके डंडे से छात्रा को कूलर से अलग किया।
बंद था प्रधानाचार्य कार्यालय: घटना के समय स्कूल में शिक्षक धीरेंद्र वर्मा, इंद्रजीत सिंह व राजीव कुमार के अलावा चार शिक्षामित्र राममिलन, सुरेश चंद्र, पूनम वर्मा व सुमन वर्मा मौजूद थे। प्रिंसिपल मौजूद नहीं थे। उनके कार्यालय में ताला लगा था जबकि वाटर कूलर के तार इसी आफिस से निकले हैं।
Newer PostOlder Post

