यूपी में 50 शहरों में बारिश, शामली में कारें-बाइक बहीं:मथुरा में सड़क पर नदियों जैसा बहाव, चेतावनी- कल भारी बरसात होगी
यूपी में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार सुबह से लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, मुरादाबाद समेत 50 शहरों में बारिश हुई। शामली में सड़कों पर नदियों जैसा बहाव दिखा। कारें और बाइकें बहने लगीं। बच्चे सड़क पर तैरते दिखे।
मथुरा के वृंदावन में भी सड़क पर नदियों जैसा बहाव दिखा। अमरोहा में एक घंटे की बारिश से दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पानी भर गया। वाराणसी में सीढ़ियों से झरने की तरह बारिश का पानी बहा। तेज हवा के चलते नाविकों ने नावों का संचालन बंद कर दिया है। हापुड़ में बाजार में जलभराव हो गया। पानी दुकानों में घुस गया। कारोबारी स्टूल पर बैठकर खुद को बचाते दिखे।
मौसम विभाग ने आज सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कल, बुधवार को प्रदेश के 68 जिलों में बारिश का अलर्ट है। मथुरा, आगरा, हाथरस, अलीगढ़, एटा, फिरोजाबाद, कासगंज, बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और लखीमपुर खीरी में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है।
सहारनपुर के मां शाकंभरी देवी मंदिर के पास गुजरने वाली शाकंभरी नदी में अचानक पानी का तेज बहाव आ गया। अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने लाउडस्पीकर से अनाउंस कर कहा- पानी तेजी से आ रहा है, यहां से जल्दी निकल जाएं।
बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा सोनभद्र में 31 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 10.5 मिमी से 195 प्रतिशत ज्यादा है। 1 जून से अब तक 78 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि 142.7 मिमी बारिश हो जानी चाहिए थी। अब तक 45 प्रतिशत बारिश कम हुई है।

