Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, July 2, 2026

ई-शिक्षा कोष की हाजिरी से मिलेगा वेतन, तीन दिन लेट आने या जल्दी जाने पर कटेगा एक दिन का वेतन

 बांका में ई-शिक्षा कोष की हाजिरी से मिलेगा वेतन, तीन दिन लेट आने या जल्दी जाने पर कटेगा एक दिन का वेतन



बिहार के बांका जिले के सरकारी स्कूलों में देर से आने और समय से पहले जाने वाले शिक्षकों पर अब शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। जून महीने का वेतन अब ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर दर्ज ऑनलाइन उपस्थिति के आधार पर ही जारी किया जाएगा। विभागीय निर्देश के अनुसार यदि कोई शिक्षक तीन दिन विद्यालय देर से पहुंचता है या निर्धारित समय से पहले चला जाता है, तो उसके एक दिन के वेतन की कटौती की जाएगी।

बीईओ और प्रधानाध्यापकों से 24 घंटे में मांगी गई रिपोर्ट


इस संबंध में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) संजय कुमार यादव ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) और चिह्नित मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को 24 घंटे के भीतर शिक्षकों की उपस्थिति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। साथ ही बीईओ को अपने क्षेत्र के सभी शिक्षकों की ई-शिक्षा कोष पर दर्ज हाजिरी का सत्यापन कर प्रमाण पत्र भी जमा करना होगा। इसके बाद ही जून माह के वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


हर दिन 'इन' और 'आउट' दोनों हाजिरी दर्ज करना अनिवार्य


विभागीय आदेश के अनुसार शिक्षकों को प्रतिदिन विद्यालय पहुंचने और छुट्टी के समय ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर 'इन' और 'आउट' दोनों हाजिरी दर्ज करना अनिवार्य होगा। यदि किसी दिन शिक्षक पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज नहीं कराते हैं, तो उन्हें उस दिन अनुपस्थित मानते हुए वेतन काटा जाएगा।


'मार्क ऑन ड्यूटी' दर्ज की गई उपस्थिति मान्य नहीं


शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना सक्षम विभागीय या वरीय अधिकारी की अनुमति के 'मार्क ऑन ड्यूटी' दर्ज की गई उपस्थिति मान्य नहीं होगी। ऐसे मामलों में संबंधित शिक्षक को अनुपस्थित मानकर उस दिन का वेतन काटा जाएगा। इसके अलावा यदि कोई शिक्षक किसी अन्य की फोटो या अनुचित तरीके से उपस्थिति दर्ज करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ अलग से विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


आदेश से शिक्षकों के बीच हलचल


जिले में यह आदेश जारी होते ही शिक्षकों के बीच हलचल मच गई है। नियमित रूप से देर से विद्यालय पहुंचने या 'मार्क ऑन ड्यूटी'का सहारा लेने वाले शिक्षक अब वेतन कटौती की आशंका से चिंतित हैं और विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने लगे हैं।


जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) संजय कुमार यादव ने बताया कि सभी शिक्षकों को निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचना और समय पर निकलना अनिवार्य है। विभाग के निर्देशानुसार अब ई-शिक्षा कोष की ऑनलाइन हाजिरी के आधार पर ही वेतन भुगतान किया जाएगा। इसके लिए सभी बीईओ से सत्यापन प्रमाण पत्र मांगा गया है

ई-शिक्षा कोष की हाजिरी से मिलेगा वेतन, तीन दिन लेट आने या जल्दी जाने पर कटेगा एक दिन का वेतन Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link