यूपी: मानसून आने के बाद मौसम का यू-टर्न, आज इन जिलों में भीषण गर्मी-उमस का अलर्ट; क्यों नहीं हो रही बारिश?
उत्तर प्रदेश में 30 जून को मानसून की आमद के बाद तराई समेत विभिन्न जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिली। लेकिन पांच जुलाई से यूपी के मानसून में फाैरी ताैर पर ठहराव के संकेत हैं। माैसम विभाग का कहना है कि फिलहाल पांच से सात जुलाई के बीच प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में छिटपुट बूंदाबांदी को छोड़कर अच्छी बारिश के आसार कम हैं। हालांकि अगले दो दिनों तक मध्य प्रदेश से सटे यूपी के दक्षिणी जिलों, विंध्य क्षेत्र और बुंदेलखंड के इलाकों में वर्षा के हालात बने रहेंगे। बाकी जगहों पर इस बीच बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
इन जिलों में है उमस भरी गर्मी की चेतावनीप्रतापगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर व आस पास के क्षेत्र।
राजधानी में शनिवार को तड़के सुबह कहीं-कहीं फुहारें पड़ीं, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप खिली और उमस शुरू हो गई। तपिश और उमस ने मिलकर लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर बाद फिर से बादलों की आवाजाही बढ़ी और अमाैसी, गोमतीनगर, पुराने लखनऊ और कुछ बाहरी इलाकों में कुछ बूंदें गिरीं, लेकिन राहत मिलने के बजाय उमस में इजाफा ही हुआ। माैसम विभाग का कहना है कि लखनऊ में अगले तीन दिन उमस भरी गर्मी पसीने छुड़ाने वाली है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आठ जुलाई से मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से अच्छी मानसूनी बारिश होने के संकेत हैं।शनिवार को अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस की उछाल के साथ 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

