Primary Ka Master Latest Updates👇

Sunday, July 5, 2026

UPTET एग्जाम में खूब सख्ती: शिक्षक पात्रता परीक्षा के अंतिम दिन पकड़े गए 19 फर्जी अभ्यर्थी

 प्रयागराज,

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 का आयोजन प्रदेश के 60 जिलों में किया गया। परीक्षा के अंतिम दिन शनिवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों से 19 फर्जी अभ्यर्थियों को पकड़ा गया। तीन दिनों तक चली परीक्षा के दौरान कुल 44 फर्जी परीक्षार्थियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।


परीक्षा की निगरानी के लिए आयोग के एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार नजर रखी गई। एआई आधारित तकनीक और कैमरों की मदद से तीन दिनों के दौरान कुल 44 फर्जी अभ्यर्थियों को दूसरे परीक्षार्थियों के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। इसके अलावा एक अभ्यर्थी को मोबाइल फोन के माध्यम से नकल का प्रयास करते हुए भी गिरफ्तार किया गया। पहले दिन गुरुवार को 14, दूसरे दिन शुक्रवार को 11 और अंतिम दिन शनिवार को 19 फर्जी अभ्यर्थी पकड़े गए।


परीक्षा में कुल 19,94,661 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 17,70,714 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जो कुल पंजीकरण का 88.77 प्रतिशत है।


लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों में उलझे

टीईटी-2026 में इस बार अभ्यर्थियों से शिक्षा के साथ-साथ लोकतंत्र और चुनाव प्रणाली से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न भी पूछे गए। परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में उपलब्ध 'उपरोक्त में से कोई नहीं (NOTA)' विकल्प की कानूनी स्थिति और उसके उद्देश्य से संबंधित प्रश्न शामिल था।


प्रश्न में पूछा गया कि NOTA का सही अर्थ क्या है। इसका सही उत्तर था कि यह मतदाता को मतपत्र की गोपनीयता बनाए रखते हुए सभी उम्मीदवारों को अस्वीकार करने का अधिकार प्रदान करता है।


परीक्षा देकर बाहर निकलने वाले अभ्यर्थियों ने पेपर को संतुलित और अपेक्षाकृत सरल बताया। केपी गर्ल्स इंटर कॉलेज में परीक्षा देने वाली नीलम देवी ने बताया कि इस बार पेपर सरल रहा। सुल्तानपुर के राजेश तिवारी ने कहा कि पहली बार टीईटी दिया है, प्रश्न सरल रहे। वहीं राजन सिंह ने बताया कि उन्होंने तीन बार टीईटी दी है, लेकिन इस बार पेपर संतुलित और सरल रहा।


बस अड्डे पर ठप हुआ संचालन, परेशानी

प्रयागराज। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) समाप्त होने के बाद शनिवार को घर लौटने के लिए अभ्यर्थियों की भीड़ बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर उमड़ पड़ी। सबसे अधिक परेशानी शाम के समय हुई, जब विद्या वाहिनी बस स्टेशन से बसों का संचालन कुछ घंटों के लिए डायवर्ट कर दिया गया। इससे अभ्यर्थियों के साथ-साथ नियमित यात्रियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।


शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक बसों का संचालन वैकल्पिक मार्गों से कराया गया। बनारस से आने वाली बसों का संचालन सीएमपी डिग्री कॉलेज के पास से तथा कानपुर और फतेहपुर जाने वाली बसों का संचालन सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर के पास से किया गया। कुछ बसों का संचालन बालसन चौराहे से भी हुआ।


क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यातायात पुलिस के निर्देश पर कुछ घंटों के लिए बसों के संचालन में बदलाव किया गया था। उधर, प्रयागराज जंक्शन पर भी परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों की भारी भीड़ रही।

UPTET एग्जाम में खूब सख्ती: शिक्षक पात्रता परीक्षा के अंतिम दिन पकड़े गए 19 फर्जी अभ्यर्थी Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link