बालिका इंटर कॉलेज में पुरुष को प्रधानाचार्य बनाने पर आपत्ति
लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से पदोन्नति पाने वाले समूह ‘ख’ के 326 शिक्षक व अधिकारियों की तैनाती पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रयागराज के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज धनूपुर में कैलाश यादव को प्रधानाचार्य बनाकर भेजा गया है। जिस पर राजकीय शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश ने आपत्ति जताई है और यहां महिला प्रधानाचार्य की तैनाती की मांग की है।
राजकीय शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश के संरक्षक रामेश्वर पांडेय का कहना है कि लंबे इंतजार बाद तैनाती दी गई तब भी इस तरह की विसंगतियां सामने आ रही हैं।
उन्होंने अपर मुख्य सचिव बेसिक व माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा को पत्र लिखकर मांग की है कि राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों में पुरुष संवर्ग के लोगों को प्रधानाचार्य न बनाया जाए। ऐसे ही किसी महिला को राजकीय बालक इंटर कॉलेज का प्रधानाचार्य न बनाया जाए।
बेसिक शिक्षा अधिकारी व समकक्ष पदों पर प्रोन्नति पाने वाले कई लोगों को बेसिक शिक्षा की संस्थाओं में तैनाती दी गई है। वहीं दूसरी ओर कई राजकीय विद्यालयों में प्रधानाचार्य नहीं हैं। यहां पर प्रभारी प्रधानाचार्यों के भरोसे काम चलाया जा रहा है। चित्रकूट के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मानिकपुर व अमेठी के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मुसाफिरखाना में नियमित प्रधानाचार्य की तैनाती की मांग भी की गई है। चित्रकूट के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मानिकपुर में 12 वर्षों से नियमित प्रधानाचार्य न होने से गड़बड़ियां हो रही हैं, जिसे रोका जाए।
