यूपी समेत देश के कई राज्याें में भारी बारिश की संभावना
नई दिल्ली/ अहमदाबाद/ श्रीनगर/ पंचकूला, एजेंसी। उत्तर और मध्य भारत में भारी बारिश का दौर अभी बना रहेगा। मौसम विज्ञान विभाग ने पांच अगस्त तक उत्तर और मध्य भारत के राज्यों में भारी से बहुत भारी तक बारिश होने के आसार जताए हैं।
मौसम विभाग के शुक्रवार के बुलेटिन के अनुसार, पूर्वी विदर्भ और पश्चिम-मध्य छत्तीसगढ़ के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम की ओर बढ़ गया है। इस प्रणाली के अगले 24 घंटों में विदर्भ और दक्षिण मध्य प्रदेश से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है, जिससे देश के अधिकतर हिस्सों में मानसून की सक्रियता बनी रहेगी। इससे हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब और आसपास के राज्यों में व्यापक बारिश के साथ आंधी-तूफान आ सकता है।

