परिषदीय विद्यालयों में मना नो बैग डे, बच्चों ने खेला शतरंज
बभनी । स्थानीय विकास खंड के सभी परिषदीय विद्यालयों में महीने के अंतिम शनिवार को नो बैग डे मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने किताबी पढ़ाई से इतर खेलकूद और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं द्वितीय पाली में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत आयोजित नो बैग डे और आनंदम गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मकता और खेलकूद से जोड़ना है। इस दौरान बच्चों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिला। विद्यालयों में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता,एकाग्रता और निर्णय लेने की योग्यता को विकसित करने पर जोर दिया गया।
शिक्षकों ने बच्चों को शतरंज के नियमों की जानकारी दी और उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार प्रजापति ने बताया कि नो बैग डे का मुख्य उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक कौशल से जोड़ना है। इस तरह की गतिविधियों से बच्चों का मानसिक विकास होता है और उनमें सीखने के प्रति रुचि बढ़ती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा को रोचक, सहज और प्रभावी बनाने में खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

