फोन बजते ही स्क्रीन पर कॉलर का नंबर और नाम दिखेंगे
नई दिल्ली। दूरसंचार विभाग ने एक नवंबर 2026 से मोबाइल नेटवर्क पर कॉल करने वाले का नाम दिखाने की सेवा लागू करने का निर्देश दिया है। इस सुविधा का नाम कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन है। इसके तहत फोन नंबर के साथ कॉल करने वाले का नाम भी दिखाई देगा। सेवा शुरू में 4जी और इससे नई तकनीक वाले नेटवर्क पर लागू होगी। सभी दूरसंचार कंपनियों को यह सुविधा लागू करनी होगी। इसके लिए विभाग ने 13 अक्तूबर को सर्कुलर जारी किया है।नीट-पीजी की उत्तर कुंजी से जुड़े मामले में नोटिस
● फोन पर क्या-क्या दिखाई देगा?
आने वाली कॉल के समय मोबाइल स्क्रीन पर दो जानकारियां दिखाई देंगी। पहली, कॉल करने वाले का फोन नंबर और दूसरी, उसका नाम। इससे अनजान नंबर से आने वाली कॉल की पहचान करने में मदद मिलेगी।
● क्या इसके लिए अलग से सेवा चालू करानी होगी?
नहीं। दूरसंचार कंपनियों को यह सुविधा ग्राहकों को बिना किसी अलग अनुरोध के उपलब्ध करानी होगी। यानी ग्राहकों को इसके लिए अलग से आवेदन करने या सदस्यता लेने की जरूरत नहीं होगी।
● अगर फोन में नंबर सेव है, तो कौन-सा नाम दिखाई देगा?
अगर कॉल करने वाले का नंबर आपके मोबाइल की संपर्क सूची में सेव है, तो वहां दर्ज नाम ही दिखाई देगा। ऐसे में मोबाइल में सेव नाम को प्राथमिकता मिलेगी, न कि दूरसंचार कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज नाम को।
● अगर नंबर सेव नहीं है, तो नाम कहां से आएगा?
अगर घरेलू कॉल करने वाले का नंबर सेव नहीं है, तो उसके दूरसंचार सेवा प्रदाता के ग्राहक रिकॉर्ड में दर्ज नाम स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। यह नाम ग्राहक के दूरसंचार रिकॉर्ड पर आधारित होगा। जरूरी नहीं कि वह नाम हो, जिससे व्यक्ति आमतौर पर जाना जाता है।
● क्या अंतरराष्ट्रीय कॉल करने वाले का नाम भी दिखाई देगा?
अगर अंतरराष्ट्रीय नंबर आपके फोन में सेव नहीं है, तो स्क्रीन पर कॉल करने वाले का नाम दिखाने के बजाय ‘इंटरनेशनल कॉल’ लिखा दिखाई देगा। इससे उपयोगकर्ता को पता चल सकेगा कि कॉल अंतरराष्ट्रीय है।
● क्या 2जी, 3जी और लैंडलाइन फोन पर भी यह सुविधा मिलेगी?
फिलहाल जारी निर्देशों के तहत यह सुविधा 4जी और इससे नई तकनीक वाले वायरलेस नेटवर्क पर लागू होगी। 2जी, 3जी और लैंडलाइन नेटवर्क पर इसे शुरू करने के बारे में अलग से विचार किया जाएगा। इसलिए इन नेटवर्कों पर एक नवंबर से सुविधा मिलने की पुष्टि नहीं है।
● क्या इस सुविधा से फर्जी और स्पैम कॉल की समस्या खत्म हो जाएगी?
केवल नाम दिखाई देने से फर्जी कॉल या धोखाधड़ी पूरी तरह खत्म होने की गारंटी नहीं है। कॉल करने वाले का नाम और उसकी वास्तविक पहचान अलग भी हो सकती है।
nक्या कोई व्यक्ति अपना नाम स्क्रीन पर दिखने से रोक सकता है?
जिन ग्राहकों ने निर्धारित नियमों के तहत कॉलिंग लाइन आइडेंटिफिकेशन प्रतिबंध की सुविधा ली हुई है, उनका नाम स्क्रीन पर नहीं दिखाया जाएगा। यह छूट मौजूदा दिशा-निर्देशों के अनुरूप होगी।
nगलत नाम दिखने पर शिकायत की जा सकेगी?
नई व्यवस्था के तहत फोन कंपनियों को गलत नाम या सेवा से जुड़ी शिकायतों के निपटारे के लिए समयबद्ध व्यवस्था बनानी होगी।
