Primary Ka Master Latest Updates👇

Friday, October 16, 2026

UP Voter List 2027: यूपी में मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित, 4 जनवरी को जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट

UP Voter List 2027: यूपी में मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित, 4 जनवरी को जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट

लखनऊ : यूपी में मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित



➡️4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन


➡️1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर पुनरीक्षण


➡️2 नवंबर तक पोलिंग बूथों का पुनर्गठन पूरा होगा


➡️12 नवंबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित होगा


➡️12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज होंगी दावे,आपत्तियां


➡️28 दिसंबर तक दावे-आपत्तियों का होगा निस्तारण


➡️4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची



➡️मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने दी जानकारी



कार्यालय मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश

(प्रेस विज्ञप्ति)


प्रदेश में 17 एवं 24 अक्टूबर को मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष कैम्प होंगे आयोजित 


मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों में व्यापक प्रचार-प्रसार एवं शत-प्रतिशत बूथों पर कैम्प आयोजित करने के दिए निर्देश


कैम्प में प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे बीएलओ, मतदाता पंजीकरण के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे फार्म-6


लखनऊ, 13 अक्टूबर, 2026।


उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम सम्मिलित किए जाने के लिए प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के सभी जनपदों में 17 अक्टूबर (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर (शनिवार), 2026 को विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे।


मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष कैम्प दिवसों पर प्रदेश के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे। कैम्प में मतदाता पंजीकरण के लिए पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे। आवेदन करने वाले पात्र नागरिकों को फॉर्म 6 के साथ नवीनतम फोटो, जन्मतिथि एवं पते से सम्बन्धित दस्तावेज उपलब्ध कराना आवश्यक होगा।


उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को फार्म-6 भरने एवं मतदाता पंजीकरण संबंधी प्रक्रिया में सहायता प्रदान की जाएगी। प्राप्त होने वाले सभी फार्मों का सुव्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाएगा, जिससे आवश्यकता पड़ने पर पर्यवेक्षण एवं निरीक्षण अधिकारियों को अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराए जा सकें।


श्री रिणवा ने बताया कि विशेष कैम्पों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया का उपयोग किया जाएगा। सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों तथा सामाजिक संगठनों को भी कैम्पों की तिथियों के संबंध में सूचित किया जाएगा। कैम्पों के चयनित फोटो एवं वीडियो जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट तथा आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर अपलोड किए जाएंगे।


उन्होंने बताया कि अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी बूथों का पर्यवेक्षण करेंगे। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के पोलिंग स्टेशनों का भ्रमण करेंगे। इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी विशेष कैम्प दिवसों पर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। 


मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान की नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक बूथ पर कैम्प का आयोजन कराया जाए। साथ ही, अभियान के अंतर्गत प्राप्त होने वाले फार्मों का उचित रखरखाव तथा सभी संबंधित अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी स्तर पर शिथिलता न आने पाए।


मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 17 एवं 24 अक्टूबर, 2026 को अपने मतदेय स्थल पर आयोजित विशेष कैम्प में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। यदि उनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फार्म-6 भरकर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करें। लोकतंत्र में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है।


UP Voter List 2027: यूपी में मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित, 4 जनवरी को जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link