Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, November 11, 2026

बेसिक शिक्षा निदेशक पर एफआईआर

 बेसिक शिक्षा निदेशक पर एफआईआर

● एक कर्मचारी की सर्विस बुक में जालसाजी करने का लगा आरोप


● न्यायालय के आदेश पर थाने में दो के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज


प्रयागराज, । बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी और वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर कर्नलगंज थाने में नामजद एफआईआर दर्ज हुई है। आरोप है कि परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय में सचिव के पद पर तैनात रहने के दौरान अनिल भूषण ने एक कर्मचारी की सर्विस बुक में जालसाजी की। कर्मचारी के चिकित्सकीय अवकाश पर रहने के दौरान उसकी सर्विस बुक में बैक डेट से प्रतिकूल प्रविष्टि की गई। जिस तिथि में इंट्री दिखाई गई, उस समय कर्मचारी के खिलाफ कोई विभागीय कार्रवाई भी नहीं चल रही थी।

शिकायतकर्ता शशि कुमार यादव की तहरीर के मुताबिक, वर्ष 1995 से 2022 तक परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय में कार्यरत रहे। उन्होंने तत्कालीन सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी और वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय पर सर्विस बुक में हेरफेर करने का आरोप लगाया है। तहरीर के मुताबिक, वह एक मार्च से 31 मार्च 2021 तक चिकित्सकीय अवकाश पर थे। उनका अवकाश सक्षम अधिकारी ने 27 जुलाई 2021 को वेतन सहित मंजूर किया था। आरोप है कि इसी दौरान उनकी सर्विस बुक में 31 मार्च 2021 की तारीख से प्रतिकूल प्रविष्टि कर दी गई। शिकायत में कहा गया है कि 24 जून 2021 को तत्कालीन प्रबंध सहायक से उनकी मूल सर्विस बुक और व्यक्तिगत फाइल लेकर वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय ने अपने पास रख ली थी जबकि, कार्यालय आदेश के मुताबिक, उस समय इष्टदेव उपाध्याय सिर्फ क्रय-विक्रय अनुभाग के प्रभारी थे। उनका प्रबंध अनुभाग से कोई संबंध नहीं था।


कर्मचारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने में कोई कूटरचना की बात नहीं है। जो भी कार्रवाई की गई वह नियमानुसार है। लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं। - अनिल भूषण चतुर्वेदी, निदेशक बेसिक शिक्षा विभाग।



बेसिक शिक्षा निदेशक पर एफआईआर Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link