पुराने कोर्स का छात्रवृत्ति रिकॉर्ड बना अब नए आवेदन में बाधा
प्रयागराज, पुराने पाठ्यक्रमों में मिली छात्रवृत्ति का रिकॉर्ड विद्यार्थियों के नए आवेदन में बाधा बन रहा है। प्रयागराज में पढ़ाई के दौरान छात्रवृत्ति प्राप्त करने के बाद दूसरे जिलों में नए कोर्स में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
पोर्टल पर आवेदन करते समय पहले से आवेदन होने का संदेश दिख रहा है। ऐसे में विद्यार्थी पुराने छात्रवृत्ति रिकॉर्ड को निरस्त कराने के लिए समाज कल्याण विभाग के चक्कर लगा रहे हैं। मैनपुरी और बिजनौर समेत दूसरे जिलों से विद्यार्थी विकास भवन पहुंचकर अधिकारियों से गुहार लगा रहे हैं।
विद्यार्थियों का कहना है कि उन्होंने पहले प्रयागराज के कॉलेजों में प्रवेश लेकर छात्रवृत्ति प्राप्त की थी। अब दूसरे जिले में नए पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने के बाद छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर रहे हैं तो पुराना रिकॉर्ड सामने आ रहा है। उनका कहना है कि प्रयागराज से पुराने कोर्स का छात्रवृत्ति रिकॉर्ड निरस्त नहीं किए जाने के कारण नए आवेदन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है।
पुराने कोर्स का छात्रवृत्ति रिकॉर्ड बना अब नए आवेदन में बाधा
एक साल छात्रवृत्ति मिली, अब नर्सिंग में अटका आवेदन
बिजनौर के सुधांशु यादव ने बताया कि उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2022-23 में प्रयागराज के एक कॉलेज में बीएससी में प्रवेश लिया था। इस दौरान उन्हें एक वर्ष की छात्रवृत्ति मिली। बाद में उन्होंने किसी कारण से कोर्स छोड़ दिया। अब सत्र 2026-27 में बिजनौर के एक कॉलेज में बीएससी नर्सिंग में प्रवेश लिया है। नए कोर्स के लिए छात्रवृत्ति आवेदन किया तो पुराने रिकॉर्ड के कारण आवेदन नहीं हो सका। मैनपुरी के सुनील यादव की भी ऐसी ही समस्या है। उन्होंने सत्र 2022-23 में प्रयागराज में बीएससी में प्रवेश लिया था और एक वर्ष की छात्रवृत्ति प्राप्त की थी। अब सत्र 2026-27 में मैनपुरी के एक कॉलेज से बीटेक कर रहे हैं। उनका कहना है कि पुराने छात्रवृत्ति रिकॉर्ड के निरस्त नहीं होने से नए कोर्स के लिए आवेदन नहीं हो पा रहा है।
● समाज कल्याण अधिकारी से पुराने रिकॉर्ड निरस्त करने की लगाई गुहार
● दूसरे जिले में नए कोर्स में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को हो रही परेशानी

