Britain School News: ब्रिटेन के स्कूलों में बच्चों के लिए AI प्रतिबंधित, लेकिन शिक्षकों को ChatGPT से कॉपियां जांचने की अनुमति; छिड़ी बहस
AI in Education News: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच ब्रिटेन के स्कूलों में AI के उपयोग को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। यहां विद्यार्थियों को होमवर्क और प्रोजेक्ट तैयार करने में AI टूल्स के इस्तेमाल को लेकर सख्त चेतावनी दी जाती है, लेकिन दूसरी तरफ शिक्षकों को ChatGPT जैसे AI चैटबॉट की मदद से बच्चों की कॉपियां जांचने की अनुमति मिल गई है।
'द मेल ऑन संडे' की एक रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटेन में शिक्षकों को महत्वपूर्ण कोर्सवर्क यानी गृहकार्य और प्रोजेक्ट कार्य की कॉपियां जांचने के लिए ChatGPT जैसे AI चैटबॉट्स का उपयोग करने की अनुमति दी गई है। इस फैसले को लेकर शिक्षाविदों ने सवाल उठाए हैं और इसे विरोधाभासी बताया है।
शिक्षकों को AI से कॉपियां जांचने की छूट
रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन में परीक्षा नियामक संस्था और संबंधित दिशानिर्देशों के तहत शिक्षकों को AI टूल्स की मदद से विद्यार्थियों के कोर्सवर्क का मूल्यांकन करने की छूट दी गई है।
इसमें शिक्षकों को AI चैटबॉट और माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट जैसे टूल्स की सहायता लेने की अनुमति है। हालांकि, इसके इस्तेमाल को लेकर शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिए जाने की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए हैं।
शिक्षाविदों का कहना है कि जब विद्यार्थियों को AI के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी जाती है, तो शिक्षकों को उसी तकनीक से उनकी कॉपियां जांचने की अनुमति देना उचित नहीं लगता।
शिक्षाविदों ने बताया 'शर्मनाक'
ब्रिटेन के शिक्षाविदों ने इस व्यवस्था की आलोचना करते हुए इसे शर्मनाक बताया है। उनका कहना है कि एक तरफ विद्यार्थियों को चेतावनी दी जाती है कि यदि वे अपना कोर्सवर्क तैयार करने के लिए AI टूल्स का इस्तेमाल करेंगे तो उन्हें सजा मिल सकती है, वहीं दूसरी तरफ शिक्षकों को उन्हीं टूल्स से कॉपियां जांचने की अनुमति दी जा रही है।
शिक्षाविदों का सवाल है कि AI से तैयार किए गए उत्तरों और विद्यार्थियों के वास्तविक ज्ञान के बीच अंतर कैसे सुनिश्चित किया जाएगा।
गलत अंक देने की भी आशंका
AI के माध्यम से कॉपियां जांचने को लेकर एक और बड़ी चिंता गलत मूल्यांकन की है। विशेषज्ञों का मानना है कि AI चैटबॉट विद्यार्थियों के उत्तरों को गलत समझ सकते हैं और उन्हें गलत अंक दे सकते हैं।
ब्रिटेन के प्रतिष्ठित सेंट पॉल्स स्कूल के इनोवेशन निदेशक डॉ. बिल बेन रेक ने भी इस व्यवस्था पर चिंता जताई है।
उनका कहना है कि फिलहाल इस बात पर कोई स्पष्ट प्रतिबंध नहीं है कि शिक्षक किन AI टूल्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। साथ ही शिक्षकों को इनके उपयोग का पर्याप्त प्रशिक्षण भी नहीं दिया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि विशेष रूप से तैयार किए गए चैटबॉट्स भी पूरी तरह त्रुटिरहित नहीं हैं। ऐसे में विद्यार्थियों के कोर्सवर्क का मूल्यांकन करने के लिए AI पर पूरी तरह निर्भर रहना उचित नहीं होगा।
बच्चों को AI के इस्तेमाल से कैसे रोकेंगे?
शिक्षक संगठनों की ओर से भी इस मुद्दे पर सवाल उठाए गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जब शिक्षक खुद विद्यार्थियों के कोर्सवर्क की जांच में AI का इस्तेमाल करेंगे, तो बच्चों को इसका उपयोग नहीं करने की सलाह देना विरोधाभासी हो सकता है।
ब्रिटेन की शिक्षा मंत्री लूसी पॉवेल पर भी दिशानिर्देशों के विपरीत बयान देने का आरोप लगाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने स्पष्ट किया कि मार्किंग में AI की कोई जगह नहीं है, जबकि दिशानिर्देश शिक्षकों को इसके इस्तेमाल की अनुमति देते हैं।
नियामक संस्थाओं और सरकार ने दी सफाई
रिपोर्ट में नियामक संस्थाओं और सरकार की ओर से इस व्यवस्था को लेकर पक्ष भी सामने आया है।
जेसीक्यू (JCQ): संस्था के प्रवक्ता के अनुसार, दिशानिर्देश नियामक के रुख के अनुरूप हैं और स्पष्ट करते हैं कि AI का इस्तेमाल मार्किंग के प्राथमिक या एकमात्र माध्यम के रूप में नहीं किया जाना चाहिए।
ऑफक्वाल (Ofqual): संस्था ने कहा कि परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मानवीय निगरानी और जवाबदेही बनी रहे।
शिक्षा विभाग: विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, AI को शिक्षक के पेशेवर निर्णय का विकल्प नहीं बनना चाहिए। इसका सुरक्षित इस्तेमाल शिक्षकों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए हो सकता है, लेकिन अंक निर्धारित करने का मुख्य जरिया नहीं बनाया जाना चाहिए।
शिक्षा में AI के इस्तेमाल पर फिर शुरू हुई बहस
ब्रिटेन के स्कूलों में AI के इस्तेमाल को लेकर सामने आया यह मामला शिक्षा व्यवस्था के सामने नई चुनौती पेश करता है। एक ओर AI से शिक्षकों का काम आसान हो सकता है, वहीं दूसरी ओर गलत मूल्यांकन और विद्यार्थियों की वास्तविक शैक्षणिक क्षमता के आकलन को लेकर चिंताएं भी हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि शिक्षा में AI का इस्तेमाल करते समय मानवीय निगरानी, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना बेहद जरूरी है।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA

