फतेहपुर : प्राथमिक स्कूल खुलने के साथ बड़ी संख्या में बच्चे फल और दूध की व्यवस्था से दूर रहेंगे। बच्चों को बुलाने के लिए कक्षावार जो दिन निर्धारित किए गए हैं उसके हिसाब से कक्षा दो और चार के बच्चों को फल और दूध से वंचित रखना होगा। जबकि कक्षा एक और पांच के बच्चों को फल और कक्षा तीन के बच्चों को दूध मिल सकेगा। जिले में 1.54 लाख बच्चे कक्षा एक से पांच तक की कक्षाओं में पढ़ रहे हैं ।
एडेड और परिषदीय विद्यालय में सोमवार को एक मौसमी फल और बुधवार को 150 मिली लीटर चीनीयुक्त दूध देने का प्रावधान है। पहली मार्च से खुले कक्षा एक से पांच तक के स्कूलों में तय गाइड लाइन के अनुसार ही बच्चों को स्कूल आने की व्यवस्था लागू की गई है। फल वितरण के के लिए सोमवार का दिन निर्धारित है, इस दिन कक्षा एक और पांच के सिर्फ 50 प्रतिशत बच्चे स्कूल बुलाए गए हैं। इसी तरह बुधवार को दूध दिया जाएगा और इस दिन सिर्फ कक्षा तीन में पढ़ने वाले 50 प्रतिशत बच्चे स्कूल आएंगे। अन्य बच्चों को दूध और फल की सुविधा से वंचित होना पड़ेगा। डीसी एमडीएम आशीष दीक्षित का कहना है कि तय गाइड लाइन के अनुसार ही बच्चे स्कूल बुलाए जा रहे हैं। जो बच्चे स्कूल में होंगे उन्हें तो योजना का लाभ मिलेगा फल और दूध वितरण का दिन पूर्व निर्धारित ही लागू रहेगा।

