इटावा बसरेहर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत अभनयपुर पाठकपुर में बुधवार को सुबह करीब 11 बजे छत का प्लास्टर बच्चों पर ही गिर गया। इससे बच्चे डर गए और कक्षा से निकलकर बाहर आ गए। बाद में शिक्षकों ने बच्चों को बाहर ही बैठाकर पढ़ाई करवाई।
स्कूल की मुख्य अध्यापक सुप्रिया यादव ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति की जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी को दे दी गई थी। मीटिंग में भी प्रस्ताव रखा गया था। स्कूल में बच्चों के लिए खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि अब स्कूल के बाहर ग्राउंड में बच्चों को बैठाकर पढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों को कमरे में बैठाकर पढ़ाना जोखिम का काम है। इसलिए न तो शिक्षक शिक्षिकाएं अंदर जाएंगी और न ही बच्चे इसकी जानकारी ग्राम प्रधान को भी दे दी गई थी। जब तक स्कूल की मरम्मत नहीं होगी, तब तक बच्चों को कमरे के बाहर ही बैठना पड़ेगा। स्कूल में वर्तमान में 52 बच्चे दर्ज हैं और तीन शिक्षिकाएं तैनात हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि छत के लिए ग्राम पंचायत कार्य योजना से काम किया जाएगा। इसके लिए एडीओ के साथ मीटिंग करके उनके सामने प्रस्ताव रखा जाएगा।
