मिर्जापुर जनपद के परिषदीय विद्यालयों में रखी गई रसोइयों को तीन से चार माह के बाद मानदेय मिलता है वह भी पूरा नहीं।
जिले के सिटी, पहाड़ी, कोन, सीखड़, नरायनपुर, मझवां सीखड़, जमालपुर, राजगढ़, पटेहरा, लालगंज, हलिया, छानबे आदि विकास खंडों को मिलाकर विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्थित प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में 5300 की संख्या में महिला रसोइयों को तैनात किया गया है। विद्यालयों में साफ-सफाई के साथ ही भोजन बनाना होता है। जिला मुख्यालय से सटे सिटी विकास खंड के 87 ग्राम पंचायत वाले प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में महेंवा, हरिहरपुर बेदौली, अर्जुनपुर, अनंतरामपट्टी,पठानपट्टी, धनीपट्टी, लच्छापट्टी, अघौली, खजुरी, चेरुईराम, मिश्रलहौली, गौतम लहौली सहित अन्य ग्राम पंचायतों में स्थित अधिकांश रसोइयों को सितंबर तक का ही मानदेय दिया गया है। हलिया, विकासखंड के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में बच्चों को भोजन देने के लिए 233 प्राथमिक तथा पूर्व माध्यमिक एवं मान्यता प्राप्त वित्तविहीन विद्यालयों में 779 रसोइयों की नियुक्ति की गई है।
