मैनपुरी। खंड शिक्षाधिकारी सुमित कुमार वर्मा ने बुधवार को विकास खंड के तीन स्कूलों का निरीक्षण किया। दो स्कूलों में एमडीएम के मसाले एक्सपायरी डेट के मिलने पर प्रधानाध्यापकों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए बीएसए को संस्तुति पत्र भेजा।
प्राथमिक विद्यालय रंपुरा के निरीक्षण के समय विद्यालय भवन की हालत खराब स्थिति में पाई गई। देखने से लग रहा है कि विद्यालय भवन की पिछले कई वर्षों से रंगाई-पुताई नहीं हुई है। पिछले वर्षों के कंपोजिट ग्रांट का उपभोग जांचने हेतु अभिलेख मांगे गए तो प्रधानाध्यापक देवेश कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि अभिलेख घर पर रखे है जिससे विद्यालय विकास एवं रखरखाव हेतु उपलब्ध कराई जाने वाली धनराशि के उपभोग की जानकारी नहीं हो सकी प्रधानाध्यापक को निर्देश दिए कि पिछले तीन सत्रों के उपभोग के अभिलेख दो दिनों के अंदर उपलब्ध कराएं। किचिन में मसाले की गुणवत्ता की जांच की गई तो कुछ मसाले एक्सपायर्ड डेट के पाए गए। जिनको अपने सामने फिकवाने के बाद शुद्ध और अच्छी गुणवत्ता मसाले विद्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश प्रधानाध्यापक को दिए। विद्यालय में
11 बजे तक एमडीएम बनवाने की कोई तैयारी नहीं थी। बीएसए को पत्र लिखकर प्रधानाध्यापक देवेश कुमार सिंह पर कार्रवाई की संस्तुति की। प्राथमिक विद्यालय नगला बांक में निरीक्षण के समय किचिन में तेल, मसाले, नमक, हल्दी, मिर्च और धनियां का पैकेट एक्सपायरी डेट का पाया गया। जिनको अपने सामने ही फिंकवाया गया और शुद्ध और अच्छी गुणवत्ता के मसाले विद्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश प्रधानायापक को दिए। प्रधानाध्यापक दयाशंकर पाल के विरुद्ध लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की संस्तुति की। यहां ग्रामीणों द्वारा अवैध रूप से किए जा रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए उपजिलाधिकारी मैनपुरी को पत्र लिखा। प्राथमिक विद्यालय घिटोली में बच्चे बिना जूते और स्वेटर के मिले। इस पर प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए कि जिन अभिभावकों के खातों में धनराशि पहुंच चुकी हैं उनसे फोन पर बात करें जिनके खाते सहीं नहीं हैं अभिभावकों से बात कर उनके खाते ठीक कराएं। संवाद
