सुल्तानपुर लंबे समय से पदोन्नति की बाट जोह रहे शिक्षकों की उम्मीदों पर अधिकारियों की लापरवाही भारी पड़ रही है। बीएसए के निर्देश के बाद भी सभी ब्लॉकों की वरिष्ठता सूची अभी तक प्रकाशित नहीं हो पाई है। आए दिन शिक्षक पदोन्नति की मांग करते रहते हैं। कई बार इसके लिए धरना प्रदर्शन भी किया गया है।
बीएसए दीपिका चतुर्वेदी ने 11 अक्तूबर को सभी खंड शिक्षाधिकारियों से अध्यापकों की वरिष्ठता सूची एक सप्ताह के अंदर भेजने को कहा था। माह भर बीतने के बाद भी खंड शिक्षाधिकारियों के स्तर से शिक्षकों को वरिष्ठता सूची नहीं आ पाई ब्लॉकों से शिक्षकों की वरिष्ठता सूची मिलने के बाद इसे प्रकाशित किया जाना था आपत्तियों का निस्तारण करते हुए वरिष्ठता सूची बनाई जानी थी, ताकि शिक्षकों की पदोन्नति की जा सके। पहली सूची में प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक और दूसरी सूची में जूनियर हाईस्कूल के सहायक अध्यापक एवं प्राथमिक विद्यालय के हेडमास्टर का विवरण देना था लेकिन कई ब्लॉकों से वरिष्ठता सूची का प्रकाशन नहीं हुआ और न ही सूची जिला मुख्यालय ही भेजी गई।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप पांडेय ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही से शिक्षकों की पदोन्नति नहीं हो पा रही है। इसके लिए कई बार पत्र भेजा गया है। इसके बाद भी पदोन्नति के मामले का संज्ञान नहीं लेना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्राथमिक शिक्षक संघ के दूसरे घड़े के जिला प्रवक्ता राहुल तिवारी ने भी वरिष्ठता सूची का प्रकाशन नहीं होने पर नाराजगी जताई है।
.jpeg)
