अमौली। ब्लाक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुलखेड़ा में स्कूल चलो अभियान सफल बनाने एवं पढ़ने वाले बच्चों के समक्ष आने वाली समस्याओं पर अभिभावकों के साथ मिलकर शिक्षकों ने निराकरण किया। मंगलवार को हुई शिक्षक अभिभावक की बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी विपुल विक्रम सिंह चौहान और बीईओ कुंवर सिंह ने किया। बैठक की अध्यक्षता शिवगोपाल तिवारी व संचालन शिक्षक उमेश कुमार त्रिवेदी ने किया। बैठक में बीईओ ने अभिभावकों से बच्चों को समय से विद्यालय भेजने तथा घर में उनका ध्यान रख कर उनका टाइम टेबल सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया।
शिक्षकों को निपुण भारत का लक्ष्य अनिवार्य रूप से ध्यान में रखकर शिक्षण कार्य करने की सीख दी। खंड विकास अधिकारी ने अभिभावकों को बच्चों की रुचि का विशेष ध्यान रखने की बात कही। कहा कि बेसिक के अध्यापक भारत के भविष्य के निर्माता हैं। इसलिए कर्तव्यों का पालन अवश्य करें। इस मौके पर ग्राम प्रधान कृष्णा त्रिपाठी, अंजू उत्तम, सुरेश त्रिपाठी, संतोष त्रिपाठी, सत्यनारायण शुक्ला, प्रधानाध्यापक सरोज सोनकर, दीपा वर्मा, लोकेंद्र नाथ, रजोल मिश्रा, बृजेश कुशवाहा, सुनीता आदि मौजूद रहे।

