जालसाजों की सजा झेल रहे 26 शिक्षक, रुका वेतन
जासं, बलरामपुर माध्यमिक शिक्षा विभाग में फर्जी अंकपत्रों के सहारे नौकरी हथियाने वाले 13 जालसाजों के अपराध की सजा आठ कालेजों के 26 शिक्षकों को मिल रही है। आरोपियों पर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है, इसलिए उनसे संबंधित सभी शिक्षकों का सितम्बर माह का वेतन रोक दिया गया है। शिक्षकों का कहना है कि मुकदमा दर्ज करने में पुलिस आनाकानी कर रही है, पांच माह से थाने की दौड़ लगा रहे हैं। फिर भी उनका वेतन रोक दिया गया है।
नगर के डीएवी इंटर कालेज में फर्जी पाए गए शिक्षकों के विरुद्ध प्रबंधक ने नगर कोतवाली में तहरीर दी थी। पांच माह से अधिक समय हो गया, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। शिक्षकों का आरोप है कि जिला विद्यालय निरीक्षक ने मुकदमा दर्ज न होने पर संबंधित विद्यालय में कार्यरत सभी शिक्षकों का सितंबर माह का वेतन रोक दिया है। जबकि उनका इस प्रकरण से कोई संबंध नहीं है। नगर की पुलिस सभी फर्जी शिक्षकों का विवरण मांग रही है, जो जिला विद्यालय निरीक्षक उपलब्ध नहीं करा रहे कोतवाल व डीआइओएस की नूराकुश्ती में
हैं। नगर शिक्षकों का वेतन फंसा हुआ है।
प्रधानाचार्य ने एसपी को लिखा पत्र नगर के डीएवी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य मेजर हरि प्रकाश वर्मा ने बताया कि गणित विषय के सहायक अध्यापक पद पर विकास चंद्र मिश्र की नियुक्ति फर्जी पाई गई थी। वह रामगढ़ ताल, एनाट नंबर 21/101 रेलवे कालोनी गोरखपुर के रहने वाले हैं। इसी विद्यालय में हिंदी अध्यापक भूपेंद्र कुमार यादव निवासी ग्राम परसिया वंशी, पोस्ट चरडीहा, जिला देवरिया की नियुक्ति फर्जी पाई गई थी। दोनों आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने के लिए 29 अप्रैल को नगर कोतवाली में तहरीर दी थी, लेकिन अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है।
इन 13 शिक्षकों पर होना है मुकदमा बीपीएस इंटर कालेज रेहराबाजार की कल्पना मौर्या, मोहनलाल रामलाल इंटर कालेज शिवपुरा के संतोष कुमार चंद, राजकुमार दुबे, भारतीय इंटर कालेज उतरौला की शिल्पी केसरी, प्रियंका मिश्रा, जितेंद्र कुमार कुशवाहा, डीएवी इंटर कालेज के भूपेंद्र यादव, विकास चंद्र मिश्र, रामशंकर भारतीय इंटर कालेज मथुरा बाजार के मनोज कुमार सिंह, प्रेमलता, लोकमान्य तिलक इंटर कालेज पचपेड़वा के सांगा तोमर, स्वतंत्र भारत इंटर कालेज तुलसीपुर के मितेश यादव व बाल विद्या मंदिर इंटर कालेज रेहराबाजार के धर्मेंद्र मिश्र के अभिलेख भी फर्जी मिले थे। इन पर मुकदमा दर्ज होना है।
इनकी नहीं हुई गिरफ्तारी
जिला विद्यालय निरीक्षक ने महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद इंटर कालेज में नौकरी हथियाने वाले मुकेश पांडेय और हरीशंकर प्रसाद के खिलाफ कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब तक इन दोनों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
शिक्षकों को मिलेगा वेतन
फर्जी शिक्षकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश सभी संबंधित विद्यालय प्रधानाचार्यों व प्रबंधकों को दिया गया है। फर्जी शिक्षकों के कारण सामान्य शिक्षकों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। एक-दो दिन में वेतन भुगतान कर दिया जाएगा। मुकदमा दर्ज कराने के संबंध में पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा जाएगा।
-गोविंद राम, जिला विद्यालय
निरीक्षक

