Primary Ka Master Latest Updates👇

Tuesday, February 10, 2026

फैसला: DU में भर्ती होंगे छह सौ सहायक प्राध्यापक

फैसला: DU में भर्ती होंगे छह सौ सहायक प्राध्यापक

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की मदद से चल रहे दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के 12 कॉलेजों में सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति प्रक्रिया मार्च, 2026 से शुरू होगी। इन कॉलेजों में छह सौ से ज्यादा पद रिक्त हैं।


डीयू के डीन ऑफ कॉलेज प्रोफेसर बलराम पाणि ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। दिल्ली सरकार की ओर से भी हमें सकारात्मक जवाब मिला है।


नियुक्ति, गवर्निंग बॉडी को लेकर था गतिरोध : राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार के समय से ही डीयू और दिल्ली सरकार के बीच पूर्व में हुई नियुक्तियों, खर्च और गवर्निंग बॉडी को लेकर गतिरोध रहा है। लेकिन विगत कुछ माह से दिल्ली सरकार द्वारा इन कॉलेजों के रुके हुए धन और वेतन संबंधी अनुदान जारी हो रहा है।


इसलिए हुई देरी : डीयू के दिल्ली सरकार द्वारा वित्तपोषित कॉलेज के एक प्रिंसिपल ने बताया कि पहले कॉलेज की गवर्निंग बॉडी की अनुमति से रिक्त पदों पर प्राध्यापकों की नियुक्ति हो जाती थी लेकिन पिछली सरकार में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए सरकार की मंजूरी की व्यवस्था हुई जिसके बाद से नियुक्तियों में देरी और गतिरोध शुरू हुआ।


लंबे समय से तदर्थ-अतिथि शिक्षक संभाल रहे जिम्मा : उन्होंने बताया कि वर्तमान में रिक्त पदों पर नियुक्तियों के लिए दिल्ली सरकार के साथ विश्वविद्यालय के अधिकारियों की बैठक हुई है। ऐसी संभावना है यह प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी। डीयू में जब सभी कॉलेजों में पांच हजार से अधिक रिक्त पदों पर नियुक्तियां हो रही थी तब भी इन कॉलेजों में गतिरोध के कारण रिक्त पद नहीं भरे जा सके थे। ज्ञात हो कि डीयू के इन कॉलेजों में लंबे समय से रिक्त पदों पर तदर्थ शिक्षक या अतिथि शिक्षक पढ़ा रहे हैं।


गवर्निंग बॉडी बनने की प्रक्रिया भी जल्द : दिल्ली सरकार के 12 कॉलेजों में गवर्निंग बॉडी को लेकर भी प्रक्रिया चल रही है। डीयू के एक अधिकारी ने बताया कि यह प्रक्रिया जल्द पूरी ही हो जाएगी। इन कॉलेजों की गवर्निंग बॉडी में डीयू और दिल्ली सरकार के प्रतिनिधि शामिल होते हैं।



फैसला: DU में भर्ती होंगे छह सौ सहायक प्राध्यापक Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link