पुरानी गाड़ी हटाइए और ईवी पर भारी छूट पाइए
नई दिल्ली। अगर आपकी पुरानी कार अब सिर्फ गैरेज की शोभा बढ़ा रही है है तो उसे ‘कबाड़’ समझने की भूल न करें। दिल्ली सरकार की नई ई-वाहन नीति आपकी उसी पुरानी गाड़ी के बदले नई चमचमाती इलेक्ट्रिक कार पर पूरे एक लाख रुपये तक की छूट लेकर आई है। नीति के तहत पुरानी कार को अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्र पर जमा कराना होगा और उसके छह महीने के भीतर नई इलेक्ट्रिक कार खरीदनी होगी।
नई ई-वाहन नीति में राजधानी में वायु प्रदूषण कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत ई-कार खरीदने पर एक लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह लाभ पहले एक लाख वाहनों की खरीद तक उपलब्ध होगा। इसी तरह पुराने दोपहिया वाहन को स्क्रैप करने पर 10 हजार रुपये और तिपहिया वाहन के स्क्रैप पर 25 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि सीधे खरीदार के बैंक खाते में भेजी जाएगी। नई ई-वाहन नीति में चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग नेटवर्क को भी बढ़ाने की योजना है। दिल्ली ट्रांस्को लिमिटेड को चार्जिंग नेटवर्क का नोडल एजेंसी बनाया गया है।
चार्जिंग स्टेशन की अनुमति के लिए एकल खिड़की
चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए एकल खिड़की प्रणाली शुरू की जाएगी, जिससे अनुमति और बिजली कनेक्शन जल्दी मिल सके। इसके अलावा सरकार एक डिजिटल पोर्टल भी बनाएगी, जिसके जरिए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। निगरानी के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति गठित की जाएगी।

