यूपी में डीजल-पेट्रोल पर्याप्त,गैस किल्लत की अफवाहों से बचें: योगी
CM योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में रसोई गैस की निर्बाध और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एलपीजी की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की घबराहट की स्थिति न बनने दी जाए तथा आमजन को समय-समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
गुरुवार को मुख्यमंत्री ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और तेल कंपनियों के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में एलपीजी की वर्तमान मांग और आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं ने एलपीजी की बुकिंग कराई है, उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध ढंग से सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति उतनी गंभीर नहीं है, जितना कि अफवाहों के माध्यम से प्रचारित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर केस दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भ्रम फैलाने वालों पर करें कार्रवाई : मुख्य सचिव
लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने कहा है कि प्रदेश में गैस और पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। गैस एजेंसियों से कालाबाजारी व अवैध बिक्री सख्ती से रोकी जाए। एजेंसियों से सामान्य गैस वितरण के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्राहकों को नियमानुसार गैस सिलेंडर मिल सके।
नवरात्र में श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखें
बलरामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के गर्भ गृह में आदिशक्ति मां पाटेश्वरी देवी का दर्शन पूजन किया। उन्होंने कहा, नवरात्र पर शक्ति पीठ पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। इसका विशेष ख्याल रखा जाएं।
अयोध्या में पूरी भव्यता से होगा राष्ट्रपति का स्वागत
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि जाकर शीश झुकाया। दर्शन-पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रपति मुर्मु के कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पूरी भव्यता के साथ राष्ट्रपति का स्वागत की तैयारी का भी निर्देश दिया।

