Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, April 15, 2026

पढ़ाने के बजाय बिजनेस कॉल! शिक्षिका पर शिकंजा, 24 घंटे में जवाब नहीं तो कार्रवाई तय

 पढ़ाने के बजाय बिजनेस कॉल! जमुई की शिक्षिका पर शिकंजा, 24 घंटे में जवाब नहीं तो कार्रवाई तय



शिक्षा विभाग के सख्त रुख के बावजूद स्कूलों में पठन-पाठन व्यवस्था में लापरवाही के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला जमुई जिले के सिकंदरा प्रखंड का है, जहां एक शिक्षिका पर स्कूल अवधि के दौरान शिक्षण कार्य छोड़कर नेटवर्क मार्केटिंग करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षिका से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।

शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोप

मिली जानकारी के अनुसार, सिकंदरा स्थित नप्रावि राजाडीह दो में कार्यरत शिक्षिका अनुपमा के खिलाफ जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि शिक्षिका विद्यालय समय में बच्चों को पढ़ाने के बजाय मोबाइल फोन के माध्यम से आरसीएम व्यवसाय से जुड़ी नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधियों में सक्रिय रहती हैं।


स्कूल समय में मोबाइल पर व्यस्त रहने का आरोप

शिकायत में यह भी कहा गया है कि शिक्षिका लगातार फोन कॉल के जरिए लोगों को नेटवर्क मार्केटिंग से जोड़ने का कार्य करती हैं। इससे कक्षा में पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है और बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। इस मामले ने विद्यालय की अनुशासन व्यवस्था और शिक्षण गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच में कॉल डिटेल खंगालने की तैयारी


जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि आरोपों की पुष्टि मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जा सकती है। डीईओ ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता और पठन-पाठन में लापरवाही का मामला माना है।

24 घंटे में जवाब नहीं तो होगी कार्रवाई

डीईओ दयाशंकर ने कहा है कि यदि शिक्षिका निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं देती हैं, तो उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी स्कूलों में शिक्षण कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की निजी व्यावसायिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र के शिक्षकों में हड़कंप की स्थिति है। विभागीय कार्रवाई की आशंका को देखते हुए अन्य शिक्षकों में भी चर्चा तेज हो गई है। यह मामला अब शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था और स्कूलों में अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है।

पढ़ाने के बजाय बिजनेस कॉल! शिक्षिका पर शिकंजा, 24 घंटे में जवाब नहीं तो कार्रवाई तय Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link