Primary Ka Master Latest Updates👇

Monday, April 13, 2026

पीपीएफ खाते से सस्ता कर्ज लेना आसान, कितना कर्ज मिल सकता है? क्या हैं इसके नुकसान?

 पीपीएफ खाते से सस्ता कर्ज लेना आसान, कितना कर्ज मिल सकता है? क्या हैं इसके नुकसान?


पब्लिक प्रोविडेंट फंड यानी पीपीएफ को आमतौर पर लोग सिर्फ टैक्स बचाने और भविष्य के लिए बचत का साधन मानते हैं। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि यही पीपीएफ खाता अचानक आने वाली आर्थिक जरूरतों में आपका मजबूत सहारा बन सकता है। जब पैसों की तुरंत जरूरत हो और महंगे निजी कर्ज (पर्सनल लोन) से बचना हो, तब पीपीएफ फंज के एवज में आसानी से कर्ज लिया जा सकता है। इसमें खास बात यह है कि आप अपने ही जमा रकम को आधार बनाकर सस्ता कर्ज ले सकते हैं। आइए विस्तार से समझते हैं कि पीपीएफ ऋण क्या है, यह कब और कैसे मिलता है, और इसके फायदे-नुकसान क्या हैं...

जमा रकम के आधार पर मिलता है कर्ज : पीपीएफ पर लोन एक ऐसी सुविधा है, जिसमें खाताधारक अपनी ही जमा की गई रकम को आधार बनाकर कर्ज ले सकता है। इसे इस तरह समझें कि आपने जो रकम पीपीएफ खाते में जमा की है, उसी का एक हिस्सा आपको अस्थायी रूप से उधार के रूप में मिल जाता है। यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जिन्हें थोड़े समय के लिए पैसों की जरूरत होती है, लेकिन उनका पीपीएफ खाता इतना पुराना नहीं हुआ होता कि वे उसमें से सीधे पैसे निकाल सकें।


पीपीएफ की अवधि 15 साल की होती है, इसलिए शुरुआती वर्षों में पैसे निकालना संभव नहीं होता। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए सरकार ने लोन की यह सुविधा दी है। सबसे अच्छी बात यह है कि इस लोन के लिए किसी बड़ी गारंटी, ज्यादा कागजी प्रक्रिया या उच्च क्रेडिट स्कोर की जरूरत नहीं होती। यानी आम व्यक्ति भी आसानी से इसका लाभ उठा सकता है।


नियम समझें : पीपीएफ से लोन लेने के लिए कुछ तय नियम और समय सीमा होती है। हर कोई कभी भी इस सुविधा का लाभ नहीं ले सकता। सबसे पहले बात करते हैं समय सीमा की। आप अपने पीपीएफ खाते के तीसरे साल से लेकर छठे साल के अंत तक ही लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर अगर आपने वर्ष 2023 में खाता खोला है, तो आप 2025-26 के दौरान लोन ले सकते हैं। सातवें साल से नियम बदल जाता है। सात साल बाद आप अपने खाते में जमा पैसों का कुछ हिस्सा आसानी से निकाल सकते हैं, इसलिए लोन की सुविधा बंद हो जाती है। दूसरी जरूरी शर्त यह है कि आपका खाता चालू होना चाहिए। इसका मतलब है कि हर साल कम से कम 500 रुपये जमा किए हों। अगर आपने किसी साल पैसा जमा नहीं की है, तो खाता निष्क्रिय हो सकता है।



कितना कर्ज मिल सकता है


● पीपीएफ से लोन लेते समय आप अपने खाते की पूरी राशि नहीं निकाल सकते। इसके लिए एक सीमा तय की गई है।


● आप जिस साल लोन के लिए आवेदन कर रहे हैं, उससे दो साल पहले के अंत में आपके खाते में जो बैलेंस था, उसका अधिकतम 25 प्रतिशत ही आपको लोन के रूप में मिल सकता है।


● मान लीजिए आप 2026 में लोन के लिए आवेदन कर रहे हैं। ऐसे में 31 मार्च 2024 को आपके खाते में जितनी राशि थी, उसी का 25 प्रतिशत आपको लोन के रूप में मिलेगा।


● अगर उस समय आपके खाते में 1 लाख रुपये थे, तो आपको अधिकतम 25 हजार रुपये का लोन मिल सकता है।


● इस नियम का मकसद यह है कि आपका मूल निवेश सुरक्षित रहे और आप जरूरत के समय थोड़ी मदद भी पा सकें।


क्या हैं इसके नुकसान

1. जहां इसके कई फायदे हैं, वहीं कुछ सीमाएं भी हैं, जिन्हें समझना जरूरी है।


2. सबसे पहले, आप जितनी राशि का लोन लेते हैं, उस हिस्से पर आपको पीपीएफ का सालाना ब्याज नहीं मिलता। यानी आपकी बचत की वृद्धि थोड़ी कम हो जाती है।


3. दूसरा, लोन चुकाने के लिए केवल 3 साल का समय मिलता है। अगर आपकी आय स्थिर नहीं है, तो समय पर चुकाना मुश्किल हो सकता है।


4. तीसरा, जब तक आप पहला लोन पूरी तरह चुका नहीं देते, तब तक दूसरा लोन नहीं ले सकते।


कब लेना चाहिए कर्ज

● पीपीएफ लोन उन स्थितियों में सबसे ज्यादा उपयोगी होता है जब आपको थोड़े समय के लिए पैसों की जरूरत हो ।


●जैसे कि अचानक मेडिकल खर्च, बच्चों की फीस, या कोई जरूरी घरेलू जरूरत। ऐसी स्थिति में यह एक सुरक्षित और सस्ता विकल्प होता है।


●लेकिन अगर आपकी जरूरत बहुत बड़ी है तो यह विकल्प पर्याप्त नहीं हो सकता।


समय पर ऋण चुकाना जरूरी


पीपीएफ सिर्फ एक बचत योजना नहीं है, बल्कि यह आपके लिए एक मजबूत वित्तीय सुरक्षा कवच भी है। जरूरत के समय इससे लिया गया कर्ज आपको आर्थिक संकट से बचा सकता है और महंगे कर्ज के जाल में फंसने से रोक सकता है। हालांकि, इसका सही फायदा तभी है जब आप इसे समझदारी से इस्तेमाल करें और तय समय के भीतर चुका सकें। इसलिए लोन लेने से पहले अपनी जरूरत और चुकाने की क्षमता का सही आकलन जरूर करें। अगर सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो यह मुश्किल वक्त का सच्चा साथी साबित हो सकता है।

पीपीएफ खाते से सस्ता कर्ज लेना आसान, कितना कर्ज मिल सकता है? क्या हैं इसके नुकसान? Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link