लकड़ी बीनकर न लाने पर छात्र को टीचर ने पीटा:उन्नाव में मिड डे मील के लिए पढ़ाई की जगह लकड़ी बिनवाने का आरोप, लड़के के पिता ने दी तहरीर
उन्नाव के बांगरमऊ विकास खंड के हीरामनपुरवा स्थित परिषदीय प्राथमिक विद्यालय में मिड डे मील से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्चों से खाना बनाने के लिए लकड़ी बिनवाई जा रही थी। इसका विरोध करने पर एक छात्र की पिटाई कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है।
गांव रबड़ी निवासी गुड्डू पुत्र रामौतार ने कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र सचिन कक्षा पांच का छात्र है और हीरामनपुरवा के विद्यालय में पढ़ता है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पिछले एक माह से शिक्षक बच्चों से मिड डे मील के लिए लकड़ी बिनवा रहे हैं।
पिता के अनुसार, बुधवार को सचिन स्कूल से कुछ जरूरी दस्तावेज लेने गया था। इस दौरान इंचार्ज शिक्षक ने उससे पहले लकड़ी लाने को कहा और उसके बाद ही दस्तावेज देने की बात कही। जब छात्र सिर दर्द के कारण पर्याप्त लकड़ी नहीं ला सका, तो शिक्षक ने उसकी कथित तौर पर जमकर पिटाई कर दी।
पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि वे दलित समाज से हैं और पिटाई के दौरान शिक्षक ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। यह घटना अन्य बच्चों के सामने हुई, जिससे परिवार के आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है।
अभिभावकों द्वारा बनाए गए एक वीडियो में कई बच्चों ने लकड़ी बिनवाए जाने की बात स्वीकार की है। एक अन्य बच्ची ने भी इस बात की पुष्टि की है, जिससे मामले की गंभीरता बढ़ गई है।
इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी देवेंद्र सिंह ने जानकारी से अनभिज्ञता जताई है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कोतवाली प्रभारी अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है और जांच क्षेत्राधिकारी स्तर से कराई जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है। लोग विद्यालयों में बच्चों से इस तरह के कार्य कराए जाने पर सवाल उठा रहे हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी।

