Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, May 13, 2026

यूपी में आंधी-तूफान:10 जिलों में बारिश, कल 38 शहरों में अलर्ट

 यूपी में आंधी-तूफान:10 जिलों में बारिश, कल 38 शहरों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मंगलवार सुबह एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। पश्चिमी यूपी के करीब 10 जिलों में तेज गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। सुबह अचानक काले बादल छा गए और कई इलाकों में धूलभरी आंधी चली, जिससे दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया।




बरेली और रामपुर में करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। आंधी के चलते सड़कों के किनारे लगे कई यूनीपोल उखड़ गए। कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर चलती गाड़ियों पर गिर गईं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई। बाद में प्रशासन और नगर निगम की टीमों ने क्रेन की मदद से पेड़ और पोल हटाकर यातायात बहाल कराया।


हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य और साफ बना रहा, लेकिन मौसम विभाग ने बुधवार के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुल 38 जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।



मौसम विभाग के मुताबिक सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, हापुड़, बिजनौर, अमरोहा, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, संतकबीर नगर, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, गोंडा, बस्ती, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, एटा, कासगंज, फिरोजाबाद और आगरा में मौसम खराब रहने की संभावना है।




सोमवार को प्रदेश में गर्मी का असर भी काफी तेज रहा। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया, जहां तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा, जिससे रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली

यूपी में आंधी-तूफान:10 जिलों में बारिश, कल 38 शहरों में अलर्ट Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link