यू-डायस डेटा में गड़बड़ी पर बीएसए सख्त, 15 दिन में संशोधन के निर्देश
प्रयागराज। यू-डायस और मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों के आंकड़ों में अंतर मिलने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग सख्त हो गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अनिल कुमार ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर 15 दिनों के भीतर डेटा सत्यापन और आवश्यक संशोधन कराने के निर्देश दिए हैं।
बीएसए ने कहा है कि पोर्टलों पर दर्ज आंकड़ों में असंगति पाए जाने से विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से रिकॉर्ड का मिलान कर सही आंकड़े अपडेट करने होंगे।
विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं हुआ या डेटा मानकों के अनुरूप सही नहीं पाया गया, तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग के अनुसार यू-डायस और मानव संपदा पोर्टल पर सही डेटा उपलब्ध होना विभिन्न प्रशासनिक एवं शैक्षिक योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए बेहद आवश्यक है।

