सेना में भर्ती परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी
प्रयागराज। सेना की विभिन्न परीक्षाओं के कार्यक्रम जारी किए गए हैं। आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस अयोध्या के अनुसार ऑनलाइन कॉमन इंट्रेंस एग्जामिनेशन श्रेणियों के प्रवेश पत्र एवं परीक्षा कार्यक्रम निर्धारित समयानुसार शीघ्र जारी किए जाएंगे। जेसीओ आरटी, सिपाही फार्मा एवं हवलदार एजुकेशन श्रेणियों की परीक्षा चार जून को आयोजित की जाएगी। प्रवेश पत्र का वितरण शुरू हो गया है। अग्निवीर जनरल ड्यूटी श्रेणी की परीक्षा एक व दो जून 2026 को होगी। इसका प्रवेश पत्र 18 मई 2026 से मिलेगा।
अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणी की परीक्षा तीन एवं चार जून को होगी। इनके प्रवेश पत्र 19 मई 2026 से जारी किए जाएंगे। अग्निवीर टेक्निकल, जनरल ड्यूटी एवं अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं पास) श्रेणियों की परीक्षा पांच एवं आठ जून 2026 को आयोजित की जाएगी। इनके प्रवेश पत्र 20 मई से जारी किए जाएंगे। शेष श्रेणियों की परीक्षा नौ, 10 एवं 12 जून को आयोजित की जाएगी।
83.36 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी भारतीय नौसेना परीक्षा
प्रयागराज। कर्मचारी चयन आयोग की ओर से 13 से 16 मई तक आयोजित भारतीय नौसेना प्रवेश परीक्षा 2026 में अभ्यर्थियों की अच्छी उपस्थिति दर्ज की गई है। एसएससी के प्रयागराज स्थित मध्य क्षेत्र की ओर से उत्तर प्रदेश और बिहार के दस शहरों में आयोजित परीक्षा में पंजीकृत कुल 109508 अभ्यर्थियों में से 91,285 (83.36 प्रतिशत) सम्मिलित हुए। कानपुर में सर्वाधिक 87.06 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। गया में 86.53 प्रतिशत तथा आगरा में 86.47 फीसदी शामिल हुए। प्रयागराज में 16,202 अभ्यर्थियों में से 13,440 अभ्यर्थी (82.95 प्रतिशत) पहुंचे।

