Primary Ka Master Latest Updates👇

Sunday, May 17, 2026

द टीचर ऐप से मिलेगी डिजिटल शिक्षा को नई दिशा,इस जनपद में हुआ शुभारंभ

 द टीचर ऐप से मिलेगी डिजिटल शिक्षा को नई दिशा,इस जनपद में हुआ शुभारंभ


बहराइच। भारतीय एयरटेल फाउंडेशन और नीति आयोग के सहयोग से तैयार किए गए “द टीचर ऐप” का शुभारंभ विकास भवन सभागार में किया गया। कार्यक्रम में सीडीओ सुनील कुमार धनवंता और बीएसए आशीष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से ऐप लॉन्च किया।


अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए तकनीक का उपयोग बेहद आवश्यक हो गया है। “द टीचर ऐप” शिक्षकों को डिजिटल संसाधनों से जोड़ते हुए शिक्षण प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाएगा।


सीडीओ ने शिक्षकों से अपील की कि वे अपने नवाचार, श्रेष्ठ अनुभव और शैक्षिक गतिविधियां ऐप के माध्यम से साझा करें, ताकि जिले में सीखने और प्रतिस्पर्धा का बेहतर माहौल तैयार हो सके।


यह ऐप एंड्रॉयड, आईओएस और वेब प्लेटफॉर्म पर पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध रहेगा। हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध इस ऐप में डिजिटल पाठ योजना निर्माण, ई-कंटेंट, वीडियो आधारित सामग्री, विषयवार प्रश्न बैंक, ऑनलाइन प्रशिक्षण मॉड्यूल और एआई आधारित स्मार्ट सहायता जैसी सुविधाएं दी गई हैं।


बीएसए आशीष कुमार सिंह ने बताया कि ऐप में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और एनसीएफ 2023 के अनुरूप सामग्री शामिल की गई है। इससे शिक्षकों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में भी सुधार होगा।


कार्यक्रम में साक्षरता भारतीय अभियान की पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। अधिकारियों ने कहा कि यह पहल शिक्षा में नवाचार और डिजिटल सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।



द टीचर ऐप से मिलेगी डिजिटल शिक्षा को नई दिशा,इस जनपद में हुआ शुभारंभ Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link