Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, June 17, 2026

ई-शिक्षाकोष पर प्रोफाइल अपडेट नहीं करने पर वेतन हो सकता है बाधित

 ई-शिक्षाकोष पर प्रोफाइल अपडेट नहीं करने पर वेतन हो सकता है बाधित

जिले में ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर शिक्षकों की प्रोफाइल अद्यतन करने की प्रक्रिया में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना मनीष कुमार सिंह ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर अपने-अपने प्रखंड के शिक्षकों की स्थिति की समीक्षा करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। प्राथमिक शिक्षा निदेशालय, बिहार के निर्देश के अनुसार सभी शिक्षकों को ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल अद्यतन करना अनिवार्य किया गया है। इस प्रक्रिया के तहत शिक्षक अपने लॉगइन आईडी के माध्यम से वर्तमान पता, व्यक्तिगत विवरण एवं अन्य आवश्यक



जानकारियों में संशोधन एवं अद्यतन कर सकते हैं। प्रोफाइल अपडेट होने के बाद जिला स्तर पर उसकी जांच एवं अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विभागीय समीक्षा में यह सामने आया है कि जिले में बड़ी संख्या में शिक्षकों ने अब तक अपनी प्रोफाइल अद्यतन नहीं की है। इसे प्रशासनिक कार्यों में बाधा का प्रमुख कारण मानते हुए विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है। इसी के तहत सभी बीईओ को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के शिक्षकों की स्थिति की समीक्षा करें और जिन शिक्षकों ने अब तक प्रोफाइल अपडेट नहीं की है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वेतन अवरुद्ध करने की अनुशंसा करें। शिक्षा विभाग का कहना है कि ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर शिक्षकों का अद्यतन डाटा उपलब्ध रहने से सेवा पुस्तिका के संधारण, स्थानांतरण,


पदस्थापन, वेतन निर्धारण तथा अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और सुगमता सुनिश्चित होगी। इसके अलावा डिजिटल अभिलेखों के माध्यम से शिक्षकों से संबंधित सूचनाओं का त्वरित सत्यापन भी संभव हो सकेगा। इस संबंध में डीपीओ स्थापना मनीष कुमार सिंह ने कहा कि विभाग की प्राथमिकता सभी शिक्षकों का अद्यतन एवं प्रमाणित डाटा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि कई शिक्षकों द्वारा अब तक प्रोफाइल अपडेट नहीं किए जाने के कारण विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सभी शिक्षकों को अविलंब अपनी प्रोफाइल अद्यतन करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित अवधि के बाद भी लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के विरुद्ध विभागीय निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी तथा उनके वेतन अवरुद्ध करने की अनुशंसा की।

ई-शिक्षाकोष पर प्रोफाइल अपडेट नहीं करने पर वेतन हो सकता है बाधित Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link