शाहजहांपुर। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया। जिले की प्रतिभाशाली छात्रा स्नेहा सक्सेना ने 333.32 अंक प्राप्त कर देशभर में 10वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और जिले में खुशी का माहौल है।
मुहल्ला खलीलगर्वी निवासी बेसिक विद्यालय के शिक्षक राकेश कुमार और शिक्षक कल्पना सक्सेना की पुत्री स्नेहा ने हैं। उन्होंने कला वर्ग से परीक्षा दी थी।स्नेहा ने बताया कि उन्होंने किसी विशेष कोचिंग संस्थान से तैयारी नहीं की। उनका शैक्षणिक विषय राजनीति विज्ञान रहा है, जिससे परीक्षा की तैयारी में मदद मिली।
उन्होंने यूट्यूब पर पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों के वीडियो देखकर परीक्षा पैटर्न को समझा और नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़कर समसामयिक घटनाओं की जानकारी जुटाई। उन्होंने बताया कि एनसीईआरटी की पुस्तकों का अध्ययन किया। परीक्षा में अधिकांश प्रश्नों का आधार वही होता है।
मुझे उम्मीद थी कि मेरा प्रदर्शन अच्छा रहेगा, लेकिन टाप-10 में स्थान मिलेगा, इसकी कल्पना नहीं थी। स्नेहा ने कहा कि बेहतर रैंक मिलने से उन्हें मनचाहा और सरकारी कालेज मिल सकेगा। उनका लक्ष्य बीएड पूरा करने के बाद शिक्षक बनना है।
उन्होंने राजनीति विज्ञान विषय से यूजीसी-नेट की तैयारी भी की थी और परीक्षा में शामिल हुई थीं, लेकिन आगे उसी दिशा में नहीं बढ़ीं। इसके बाद उन्होंने बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा देने का निर्णय लिया। बताया कि वर्ष 2017 में रायन इंटरनेशनल स्कूल से हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की।
इसके बाद उन्होंने वनस्थली विद्यापीठ से इंटरमीडिएट और दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने कहा कि बीएड के बाद मेरा लक्ष्य शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना और एक अच्छा शिक्षक बनना है।

