20 तक देना होगा आधारभूत सुविधाओं का जियो लोकेशन
प्रयागराज: राजकीय इंटर कालेज में राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ उन्मुखीकरण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभागीय प्राथमिकताओं पर चर्चा की गई। डीआईओएस डॉ. संतोष कुमार राय ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए तिथिवार एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार कार्य करने का निर्देश दिया। सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक मनीष कुमार ने यू-डायस पोर्टल पर छात्रों के पंजीकरण की जानकारी साझा की।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने छात्रवृत्ति के संबंध में जानकारी दी। जिला समन्वयक माध्यमिक शिक्षा ने ओएमएस पोर्टल पर छात्र-छात्राओं के नामांकन के बारे में बताया। कक्षा 9, 10, 11 और 12 के पंजीकरण के लिए भी निर्देश दिए गए। प्रधानाचार्यों को विद्यालय के अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव करने की हिदायत दी गई।
बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए जियोलोकेशन और आधारभूत सुविधाओं को 20 जुलाई तक भरने का निर्देश दिया गया।
अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों का कैशलेस चिकित्सा योजना पर पंजीकरण समय से कराने के लिए कहा गया।
बैठक में सह जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार गिरी, नीरज केशरी के साथ जीआईसी के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

