यूपी में बारिश पर 'ब्रेक': लखनऊ सहित 60 जिलों में आज उमस भरी गर्मी; तराई के गोरखपुर-देवरिया में यलो अलर्ट
लखनऊ। प्रदेश में फिर से मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। माैसम विभाग का कहना है कि यूपी में मानसूनी गतिविधियां पूर्वी-तराई जिलों तक सिमट गई हैं। मंगलवार को तराई के गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थ नगर समेत कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में सोमवार को भी बारिश हुई। इसके अलावा 60 जिलों में वर्षा की संभावना नहीं है। हल्की धूप और बादलों की आवाजाही के बीच उमस भी परेशानी करेगी।
मौसम विभाग का ये है पूर्वानुमान
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब अब कमजोर हो गया है। यही वजह है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश के पश्चिमी जिलों और मध्यांचल में बारिश में ठहराव आएगा। हालांकि कहीं-कहीं हल्की से मध्यम और छिटपुट वर्षा की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान प्रदेश के औसत तापमान में चार-पांच पांच डिग्री सेल्सियस तक वृद्घि होगी।
लखनऊ में पारा 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
लखनऊ में सोमवार को दिन का पारा 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दो दिन बारिश न होने से 30 से अधिक जिलों में दिन का पारा 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया। मंगलवार को भी यही स्थिति रहेगी। सोमवार को महाराजगंज में सबसे अधिक 130 मिमी वर्षा हुई।

