टीईटी की ओएमआर शीट भरने में त्रुटि पर प्रत्यावेदन देने उमड़े अभ्यर्थी
, प्रयागराज: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) की उत्तरकुंजी जारी कर कोई विसंगति होने पर अभ्यर्थियों से साक्ष्य सहित प्रत्यावेदन मांगे हैं, लेकिन सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी ओएमआर शीट पर विवरण भरने में त्रुटि हो जाने पर प्रत्यावेदन लेकर आयोग पहुंच गए। आयोग ने ऐसे अभ्यर्थियों के लिए कोई अवसर नहीं दिया है, लेकिन अभ्यर्थियों ने पहुंचकर काउंटर पर अपने प्रत्यावेदन देकर सुधार का अवसर दिए जाने की मांग की।
आयोग ने ओएमआर शीट भरने में किसी तरह की त्रुटि पर सुधार के लिए तो अवसर नहीं दिया, लेकिन किसी ने इंटरनेट मीडिया पर सूचना प्रसारित कर दी कि यदि किसी अभ्यर्थी से ओएमआर शीट भरने में कोई त्रुटि हो गई तो वह शिक्षा सेवा चयन आयोग पहुंचकर अपना आवेदन दे सकते हैं। इसके लिए बाकायदा एक प्रारूप भी इंटरनेट मीडिया पर जारी किया गया।
अचानक प्रत्यावेदन लेकर अभ्यर्थियों के पहुंच जाने से आयोग के अधिकारी हैरान हो गए। पुलिस लगाकर अभ्यर्थियों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह नहीं माने। ऐसे में आयोग के पिछले काउंटर पर अभ्यर्थियों ने अपने प्रत्यावेदन दिए। इसमें कुछ ने अनुक्रमांक गलत अंकित किए हैं तो किसी ने केंद्र का कोड गलत लिख दिया है। कुछ के विषय चयन में भी त्रुटि हुई है।

