शिक्षकों के स्थानांतरण की तैयारी समय से होगी पूरी
पटना (आशिप्र)। सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के स्थानांतरण की तैयारी ससमय पूरी की जायेगी। यह तैयारी नयी स्थानांतरण नियमावली के तहत होगी। पटना प्रमंडल के नये क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक अमित कुमार ने रविवार को 'आज' से बातचीत में कहा कि नयी स्थानांतरण नियमावली के तहत तमाम तैयारियों को तय समय-सीमा के अंदर अंतिम रूप दिया जायेगा। अमित कुमार सोमवार को पटना प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक का कार्यभार संभालेंगे। पटना प्रमंडल के जिलों में पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास एवं कैमूर शामिल हैं। अमित कुमार का कोशी प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक के पद से पटना प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक के पद पर तबादला हुआ है। वे पटना एवं कटिहार के जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्राथमिक शिक्षा के सहायक निदेशक एवं माध्यमिक शिक्षा के उप निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए बनी नियमावली की कमेटी के वे सदस्य भी रह चुके हैं। श्री कुमार ने 'आज' के सवाल के जवाब में कहा कि पटना प्रमंडल के सभी छह जिलों पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास एवं कैमूर में प्रखंड स्तर पर खोले गये मॉडल स्कूलों का सुचारू रूप से संचालन होगा। इसके लिए शिक्षा विभाग के
स्तर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित किया जायेगा। राज्य सरकार और शिक्षा विभाग की नीतियों के अनुरूप मॉडल स्कूलों का संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। अमित कुमार कहते हैं कि मॉडल स्कूलों से इतर बाकी सभी सरकारी स्कूलों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता में शामिल होगी। इसके तहत यह सुनिश्चित किया जायेगा कि तय समय से स्कूल खुलें। समय से प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कर्मचारी आयें। बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित हो। समय-सारणी के अनुरूप घंटीवार व विषयवार पढ़ाई हो। प्रारंभिक विद्यालयों में बच्चों को मेनू के हिसाब से मध्याह्न भोजन परोसे जायें। शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण भी तय समय-सीमा के तहत होगा। एक सवाल के जवाब में क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक अमित कुमार ने कहा कि न्यायालय में चल लंबित वादों में समय से शिक्षा विभाग का पक्ष रखा जायेगा। राज्य सरकार को उसके द्वारा विभिन्न मदों में दी जाने वाली राशि का उपयोगिता प्रमाण-पत्र समय से सौंपा जायेगा। एसी डीसी के तहत राशि का समायोजन समय से होगा। शिक्षा विभाग द्वारा समय-समय पर दिये जाने वाले दिशा-निर्देशों का अणुपालन सुनिश्चित की जायेगा।

