गैर शैक्षणिक कार्य में तैनात शिक्षकों की होगी जांच
सीतामढ़ी। जिले मे गैर शैक्षणिक कार्यो में प्रतिनियुक्त शिक्षकों का पूरा ब्योरा जुटाने में शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियो बीईओ को तत्काल एसे शिक्षकों की सूची निर्धारित प्रारूप मे उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
आदेश का प्रभाव
आदेश के बाद शिक्षा विभाग मे हड़कंप मच गया है। विभागीय आदेश के आलोक मे डीईओ की ओर से यह कार्रवाई सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम, 2005 के तहत प्राप्त आवेदन के आलोक में की जा रही है।
आवेदन में जिले के प्राथमिक, उत्क्रमित मध्य, मध्य, उत्क्रमित उच्च, उच्च तथा प्लस-टू विद्यालयों के अलावा नगर निकायो मे पदस्थापित उन शिक्षकों की जानकारी मांगी गई है, जिनकी प्रतिनियुक्ति शिक्षण कार्य के बजाय अन्य सरकारी कार्यो में की गई है।
जानकारी के लिए निदेश
विभाग ने सभी बीईओ को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने प्रखंड से संबंधित शिक्षकों का नाम, मूल पदस्थापन स्थल, प्रतिनियुक्ति कार्यालय, प्रतिनियुक्ति की तिथि, प्रखंडवार एवं कोटिवार विवरण निर्धारित प्रारूप में तैयार कर अविलंब जिला शिक्षा कार्यालय की स्थापना शाखा को उपलब्ध कराएं। बताया गया है कि मधुबनी जिले के एक आवेदक ने आरटीआई के तहत यह सूचना मांगी है। इसके बाद जिला शिक्षा कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी प्रखंडो से रिपोर्ट तलब की है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सभी सूचनाए समय पर उपलब्ध कराने के बाद आरटीआई के तहत निर्धारित अवधि में आवेदक को जवाब भेजा जाएगा।

