जिला शिक्षा पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में बीईओ को मिले निर्देश अंतर्जिला व जिला के अंदर स्थानांतरण होंगे, पोर्टल पर रिक्तियां अपलोड कराई जाएगी (युवा पेज) भभुआ, नगर संवाददाता। शिक्षा विभाग में लंबे समय से प्रतीक्षित शिक्षक स्थानांतरण की प्रक्रिया अब तेज गति से आगे बढ़ने लगी है। इसको लेकर शनिवार को जिला शिक्षा कार्यालय के सभागार में डीईटो साकेत रंजन की अध्यक्षता में जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें सभी प्रखंडों के विद्यालयों में उपलब्ध रिक्त पदों का अद्यतन विवरण शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
रिक्तियों का अद्यतन विवरण
साथ ही स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया, शासन के दिशा-निर्देश तथा पोर्टल आधारित व्यवस्था की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी प्रखंडों से रिक्तियों का विवरण प्राप्त होने के बाद उन्हें विभागीय पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इससे जिले के हजारों शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही स्थानांतरण की उम्मीदों को नई गति मिलने की संभावना है। डीईओ ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वह अपने क्षेत्र के विद्यालयों में स्वीकृत पद एवं कार्यरत शिक्षकों की स्थिति का मिलान करते हुए रिक्त पदों का सही और अद्यतन विवरण जल्द उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुरूप होगी। इसलिए किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के लिए रिक्तियों का सत्यापन गंभीरता से किया जाए। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया। डीपीओ (स्थापना) शंभू कुमार सिंह ने बैठक में बताया कि इस बार स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएगी। सभी प्रखंडों से रिक्तियां प्राप्त होने के बाद उसे विभागीय आईडी से पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इसके बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई शुरू होगी।
स्थानांतरण की प्रक्रिया
अंतर जिला और जिला के भीतर दोनों प्रकार के होंगे स्थानांतरण बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि इस प्रक्रिया के तहत अंतर जिला तथा एक ही जिले के भीतर दोनों प्रकार के स्थानांतरण किए जाएंगे। विभाग द्वारा निर्धारित पात्रता, रिक्तियों की उपलब्धता और लागू नियमों के आधार पर शिक्षकों को स्थानांतरण का लाभ मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि शासन के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की शिकायत या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। शिक्षकों में बढ़ी उम्मीद, पसंदीदा क्षेत्र में मिलने की संभावना स्थानांतरण प्रक्रिया में तेजी आने से जिले के शिक्षकों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से स्थानांतरण की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों को उम्मीद है कि अब उन्हें अपनी सुविधा, पारिवारिक परिस्थितियों अथवा निर्धारित मानकों के अनुरूप विद्यालय या क्षेत्र में पदस्थापना का अवसर मिल सकेगा। शिक्षा विभाग का मानना है कि समयबद्ध तरीके से रिक्तियों का संकलन और पोर्टल पर उनका अद्यतन होने के बाद स्थानांतरण प्रक्रिया और तेज होगी। इससे विद्यालयों में शिक्षकों के संतुलित पदस्थापन के साथ-साथ शैक्षणिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
