ड्राइवर के इश्क में पति को सांप से डसवा कर मार डाला
मेरठ/हस्तिनापुर, हिटी। देशभर में चर्चित सांप कांड एक बार फिर से दोहराया गया है। स्कूल संचालिका ने प्रेमी ड्राइवर के इश्क में पति को खाने में 10 नींद की गोलियां खिलाई गई और इसके बाद जहरीले सांप से डसवा कर उसकी हत्या कर दी।
घटना को सर्पदंश से मौत दिखाने की साजिश भी हुई, लेकिन जैसे ही पोस्टमार्टम कराने की बात हुई तो पत्नी मना करने लगी। पुलिस ने फिलहाल हत्यारोपी पत्नी और उसके प्रेमी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
बहसूमा के भंडोरा गांव निवासी 32 वर्षीय अतुल कुमार अपनी पत्नी दामिनी और बेटे छह साल के बेटे मानिक के साथ पिछले चार माह से हस्तिनापुर की जे ब्लॉक कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। कॉलोनी के पास ही दंपति ने कृष्णा किड्स स्कूल संचालित किया हुआ था। गुरुवार रात दंपति अपने बेटे के साथ एक ही कमरे में अलग-अलग बेड पर सोए थे। देर रात गर्मी के कारण पत्नी अपने बेटे के साथ बाहर बैठक में आकर सो गई। शुक्रवार सुबह दामिनी अतुल को चाय देने के लिए गई तो वह अचेत अवस्था में पड़ा था। इसके बाद दामिनी ने अपने ससुर अजब सिंह को फोन किया और बताया कि सांप के काटने से अतुल की मौत हो गई है। अजब सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने दामिनी और स्कूल बस के चालक तुषार की मदद से अतुल को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने अतुल को मृत घोषित कर दिया। अतुल के पैर पर सांप के काटने के निशान भी मिले थे, इसलिए परिजन अतुल को चेतावाला में कुछ सपेरों के पास ले गए और झाड-फूंक कराई।
हालांकि बात नहीं बनी और उन्होंने भी अतुल को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को भंडोरा गांव ले गए और यहां पर हत्या की आशंका जताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसी दौरान दामिनी और तुषार पोस्टमार्टम कराने से इंकार करने लगे। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। सीओ मवाना पंकज लवानिया, फोरेंसिक टीम और हस्तिनापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
----------------------------
अतुल को पहले नींद की गोलियां खिलाई और फिर सांप से डसवाया
पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की तो दो नींद की गोलियां मिली। दामिनी और तुषार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। खुलासा हुआ कि दोनों में प्रेम प्रसंग है और इसलिए अतुल की हत्या की प्लानिंग की। तुषार ने नींद की गोलियां खरीदकर दामिनी को दी थी। दो दिन पहले एक सांप भी सपेरे से खरीदकर लाए थे। गुरुवार रात को 10 नींद की गोलियां दामिनी ने अतुल को दी थी। अतुल के बेहोश होने के बाद दामिनी और तुषार ने मिलकर सांप से अतुल को कटवा दिया और हत्या कर दी। मौत की पुष्टि करने के लिए गला भी दबाया था। सुबह के समय दामिनी ने ड्रामा किया और परिजनों को सूचना दी।
----------------------------
रविता की तरह दोहराया सांप कांड
मेरठ के थाना बहसूमा के अकबरपुर सादात गांव में 12 मई 2025 को रविता ने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर पति अमित को गला दबाकर मार दिया और फिर सर्पदंश से मौत दिखाने के लिए लाश पर सांप फेंक दिया था। सांप को अमरदीप ने सपेरे से खरीदा था। उसी तर्ज पर दामिनी और तुषार ने अतुल की हत्या की प्लानिंग की थी। पुलिस पता कर रही है कि तुषार सांप किससे और कब खरीदकर लाया था।
-----------------------------
तीन माह पूर्व तक गांव में ही रहे
अतुल के पिता अजब सिंह ने बताया कि अतुल और उसकी पत्नी तीन माह पूर्व तक गांव में रहते थे। पंरतु वह कहने लगा कि किसी पुरोहित ने चार साल तक गांव में न रहने के लिए कहा था। तभी से वह किराए पर मकान लेकर हस्तिनापुर रहने लगा था।
-----------------------------
चार माह पहले भी किया हत्या का प्रयास
अतुल के पिता अजब सिंह ने बताया कि चार माह पूर्व भी गांव में अतुल की हत्या का प्रयास दामिनी ने किया था। उस समय कोई नशे की दवाई अतुल को दी गई थी, जिसके बाद अतुल की हालत खराब हो गई थी। कई दिन अतुल को अस्पताल में भर्ती रखा गया था। हालांकि इस दौरान दामिनी ने पुलिस कार्रवाई नहीं होने दी।
अतुल कहता था, मां वो मुझे मरवा देगी
अतुल जब गांव मे रहता था तो अपनी मां संतोष देवी से उसने कहा था दामिनी का किसी अन्य से प्रेम प्रसंग चल रहा है। अपने हत्या की आशंका भी जताई थी। अपनी मां से अतुल ने कहा था कि ‘मां वो मुझे मरवा देगी’। हालांकि उस समय दामिनी पर किसी को शक नहीं था।
दामिनी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति अतुल को खाने में गुरुवार रात 10 नींद की गोलियां दीं। इसके बाद दामिनी और प्रेमी तुषार ने मिलकर अतुल की सांप से डसवा कर हत्या कर दी। पोस्टमार्टम कराया गया है और मौत कैसे हुई, ये पता किया जा रहा है। फिलहाल आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है।
- अविनाश पांडेय, एसएसपी मेरठ।

