ग्राम पंचायत अधिकारी पद पर 1468 चयनित
लखनऊ, । उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती का अंतिम चयन परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया। इसमें 1468 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। ‘हिन्दुस्तान’ द्वारा रिजल्ट जारी करने को लेकर चलाई गई मुहिम के बाद अभ्यर्थियों को नौकरी मिलने का रास्ता साफ हुआ।
आयोग के अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने अंतिम चयन परिणाम को मंजूरी दी। कुल चयनित अभ्यर्थियों में अनारक्षित वर्ग के 849, अनुसूचित जाति के 356, अनुसूचित जनजाति के 7, अन्य पिछड़ा वर्ग के 139 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 117 अभ्यर्थी शामिल हैं।
क्षैतिज आरक्षण में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित श्रेणी में दो, भूतपूर्व सैनिक 47, महिला 270 और दिव्यांग श्रेणी में 28 तथा उपश्रेणी एच के दो अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। उत्कृष्ट खिलाड़ी श्रेणी के दो पदों के लिए अभ्यर्थी नहीं मिलने पर अन्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
आयोग की वेबसाइट पर जारी हुआ अंतिम परिणाम
आयोग ने विस्तृत अंतिम रिजल्ट UPSSSC की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। अंतिम चयन परिणाम जारी किए जाने के बाद अभ्यर्थियों के नौकरी पाने का रास्ता साफ हो गया है। आयोग के अध्यक्ष ने आश्वासन दिया था कि एक माह में अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया समय से पूरी करने के निर्देश
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने विभिन्न चयन आयोगों और भर्ती बोर्डों के साथ बैठक कर भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर तैयार करने और भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। चयन परीक्षाओं के आयोजन, परिणाम और नियुक्ति में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

