Araria News: मास्टर ने पीट कर बच्चे की गर्दन कर दी टेढ़ी, भड़के लोगों ने स्कूल में टीचर को धुन डाला
अररिया: फारबिसगंज के एस.के. रोड स्थित सीबीएसई संचालित स्कूल शिशु भारती में मंगलवार को पीटीआई शिक्षक ने कक्षा चार के छात्र की इस कदर पिटाई की कि छात्र की गर्दन ही टेढ़ी हो गई। स्कूल के प्रधानाध्यापक के द्वारा परिजनों को सूचना देने के बाद स्कूल पहुंचे परिजन ने छात्र की हालत को देख आरोपी शिक्षक की भी पिटाई कर दी।
टीचर ने बच्चे को ऐसा पीटा कि गर्दन हो गई टेढ़ी
परिजनों के द्वारा मामले की सूचना फारबिसगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाते ही फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार सब इंस्पेक्टर अमित राज और पुलिस बलों के साथ थाना पहुंचकर आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया और अपने साथ थाना लेकर गए,जिसे बाद में अभिभावकों की पिटाई से घायल होने के कारण फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिटाई से घायल छात्र और शिक्षक दोनों का फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
ब्रेक टाइम में छात्र की पिटाई: घरवाले
मामले को लेकर फारबिसगंज भागकोहलिया वार्ड संख्या 18 निवासी पीड़ित छात्र हर्षित केशव पिता मनोज कुमार ने बताया कि ब्रेक टाइम था, उसी समय पीटी टीचर असीम कुमार दत्ता सर अकारण आकर मारपीट करने लगे। बाल पकड़ कर घसीटते हुए उसकी पीठ पर मुक्के से मारा गया। जिसके बाद बच्चे की गर्दन में मोच आ गई और गर्दन टेढ़ी हो गई। बच्चे ने बताया कि सिर और गर्दन में काफी दर्द हो रहा है। स्कूल के प्रिंसिपल ने अभिभावकों को सूचना दी और सूचना के बाद पहले बड़ा भाई स्कूल पहुंचा, लेकिन भाई की नाजुक हालत देखकर उसने अपने पिता को सारी जानकारी दी
टीचर ने भी दी सफाई
इधर फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज करा रहे आरोपी शिक्षक असीम कुमार दत्ता ने बताया कि बच्चे बदमाशी कर रहे थे और बार बार दूसरे अन्य क्लास को डिस्टर्ब कर रहे था, जिसको लेकर उन्होंने दो छात्रों की पिटाई की थी। इसके बाद बच्चे चले गए थे और फिर दो घंटे बाद बच्चों ने जानकारी दी कि हर्षित की गर्दन टेढ़ी हो गई, जिसका स्कूल में प्राथमिक उपचार भी किया गया। उन्होंने स्कूल में टारगेट कर मारपीट के आरोपों से इंकार किया।
बच्चे और टीचर का डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया
फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ नवल किशोर और डॉ आशुतोष कुमार ने बताया कि दोनों का प्राथमिक इलाज किया गया है।चिकित्सकों ने बताया कि यह स्थिति मेडिकल भाषा में टॉर्टिकोलिस या राइ नेक की है,जिसमें मुख्य रूप से गर्दन की मांसपेशियों में अचानक ऐंठन, खिंचाव के कारण होता है, जिससे सिर एक तरफ झुक जाता है।चिकित्सक ने बच्चे को खतरे से बाहर बताया है और बेहतर आर्थोपेडिक चिकित्सक से सलाह लेने का परामर्श दिया।
प्रिंसिपल कुछ भी कहने से बचते नजर आए
मामले में स्कूल के प्रिंसिपल रमेश कुमार झा कुछ भी कहने से तत्काल बचते नजर आए और उन्होंने मामले पर चुप्पी साधे रखा। जबकि फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने मामले की जांच करने की बात कही और कहा कि आवेदन मिलने के बाद समुचित कार्रवाई की जाएगी। तत्काल आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया गया है और उनका और बच्चे का इलाज कराया जा रहा है। वहीं आरोप है कि स्कूल मैनेजमेंट मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है।

