स्कूल परिसर में सूखा बरगद गिरने से तीन छात्राओं की मौत
विभूतिपुर (समस्तीपुर), निसं । विभूतिपुर थाना क्षेत्र की खास टभका दक्षिण पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय चकविदौलिया के पास गुरुवार को स्कूल संचालन के दौरान तेज हवा-बारिश के बीच सूखा बरगद का पेड़ गिर गया। इसकी चपेट में आने से दो छात्राओं पायल कुमारी (11) और सपना कुमारी (10) की मौके पर मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल गुलनाज खातून (10) को इलाज के लिए बेगूसराय भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद विद्यालय परिसर में चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। वहीं, प्रबंधन का कहना था कि पेड़ हटाने का प्रयास किया गया था, लेकिन एक ग्रामीण ने निजी दावा कर रोक दिया था। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। बीडीओ नेदोनों मृत छात्राओं के परिजनों को 20-20 हजार रुपये के चेक दिए।
