Primary Ka Master Latest Updates👇

Tuesday, September 8, 2026

बदलाव: टीजीटी और पीजीटी की नई भर्ती में नहीं मिलेगा क्षैतिज आरक्षण

बदलाव: टीजीटी और पीजीटी की नई भर्ती में नहीं मिलेगा क्षैतिज आरक्षण

प्रयागराज। प्रदेश के 4512 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) और प्रवक्ता (पीजीटी) की नई भर्ती में अभ्यर्थियों को क्षैतिज आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा। शिक्षा निदेशालय की ओर से उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजे गए टीजीटी के 17740 और पीजीटी के 2615 पदों पर क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान नहीं किया गया है। यह पहला मौका है जब शिक्षा निदेशालय की तरफ से टीजीटी-पीजीटी भर्ती का अधियाचन भर्ती संस्था को भेजा गया है।






इससे पहले जिला विद्यालय निरीक्षक सीधे उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड को अधियाचन भेजते थे। चयन बोर्ड 2022 तक की भर्ती में अपने स्तर से क्षैतिज आरक्षण का लाभ देता रहा जिसे चयन आयोग ने देने से इनकार कर दिया है।




नए अधियाचन को लेकर शिक्षा निदेशालय के अफसरों का तर्क है कि क्षैतिज आरक्षण तभी दिया जाता है जब रिक्त पदों की संख्या 25 से अधिक हो। टीजीटी-पीजीटी में भर्ती की इकाई एडेड कॉलेज होती है और किसी कॉलेज से 25 पदों का अधियाचन नहीं मिला है। ऐसे में पूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, महिला या अंतर्राष्ट्रीय अथवा राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के लिए क्षैतिज आरक्षण का लाभ नहीं दिया जा सकता।




शासन स्तर पर हुई बैठक में भी उठा था यह मुद्दा


मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद की अध्यक्षता में पिछले दिनों हुई बैठक में भी मुद्दा उठा था। अधियाचन लेने के लिए विकसित पोर्टल पर क्षैतिज आरक्षण के लिए कॉलम तैयार किया था पर उसमें पदों की संख्या शून्य होने पर आयोग के अफसरों ने प्रश्न उठाया। इस पर माध्यमिक शिक्षा विभाग के अफसरों ने स्थिति स्पष्ट की।




असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती में मिलेगा लाभ


सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में भले ही क्षैतिज आरक्षण न मिल रहा हो लेकिन एडेड महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1936 पदों की भर्ती में यह लागू रहेगा। दरअसल प्रदेशभर के 330 अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में से कई कॉलेज ऐसे हैं जहां शिक्षकों की संख्या 150 से अधिक हैं। वहां से अधियाचन भी 25 से अधिक पदों का मिला है। ऐसे में चयन की इकाई महाविद्यालय होने के बावजूद पदों की संख्या 25 से अधिक होने के कारण क्षैतिज आरक्षण का लाभ दिया जाएगा।

बदलाव: टीजीटी और पीजीटी की नई भर्ती में नहीं मिलेगा क्षैतिज आरक्षण Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link