Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, October 7, 2026

स्कूल के झगड़े में निलंबित छात्र फंदे पर लटका

स्कूल के झगड़े में निलंबित छात्र फंदे पर लटका

रायबरेली। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय शिवगढ़ में मारपीट के बाद निलंबित किए गए छात्र ने आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि, ऐनवक्त पर पहुंचे परिजनों ने उसे बचा लिया। घटना की जानकारी से विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। विद्यालय के पदेन अध्यक्ष एसडीएम ने मामले की जांच नायब तहसीलदार को सौंपी है।

शिवगढ़ थाना क्षेत्र के अछई गांव निवासी रेवती रमण सिंह ने एसडीएम महाराजगंज को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनका बेटा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय शिवगढ़ में 11वीं का छात्र है। आरोप है कि 16 सितंबर को कक्षा के कुछ छात्रों ने उसके साथ मारपीट की, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थीं।





प्राथमिक उपचार के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। परिजन का आरोप है कि घटना की शिकायत के बाद विद्यालय के प्राचार्य ने आरोपी छात्र के साथ उनके बेटे को भी निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई से उनका बेटा मानसिक रूप से परेशान हो गया। दो अक्तूबर को उसने घर पर फांसी लगाने का प्रयास किया, लेकिन समय रहते परिजनों को इसकी भनक लग गई और उसकी जान बच गई। घटना के बाद किशोर विद्यालय जाने को तैयार नहीं है। दूसरी ओर, छात्र के फांसी लगाने की सूचना के बाद विद्यालय ने दोनों छात्रों का निलंबन रद कर उन्हें बहाल कर दिया। परिजनों ने एक शिक्षक की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मामले की गहराई से जांच की मांग की है। इस पर एसडीएम महाराजगंज ने नायब तहसीलदार को मामले की जांच सौंपी है।




नायब तहसीलदार को सौंपी गई मामले की जांच




विद्यालय के प्राचार्य शमशुद दुहा ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि कक्षा में मारपीट करने वाले दोनों छात्रों को निलंबित किया गया था। बाद में दोनों छात्रों के भविष्य को देखते हुए उनके अभिभावकों की लिखित सहमति पर उन्हें बहाल किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि दोनों छात्रों के व्यवहार में सुधार नहीं हुआ तो नियमानुसार निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी। प्राचार्य ने बताया कि मामले की जांच नायब तहसीलदार द्वारा की जानी है। जांच अधिकारी को विद्यालय की ओर से उपलब्ध सभी साक्ष्य दिए जाएंगे।




प्रकरण संज्ञान में है। तहसीलदार ने जांच की है। इसमें दोनों बराबर के दोषी हैं। कक्षा में लगा कैमरा खराब है। अभिभावकों की मौजूदगी में दोनों बच्चों ने हाथ भी मिला लिया है, लेकिन आदर्श के पिता बात को बढ़ा रहे हैं। इससे पहले भी आदर्श का सचिन नाम के लड़के से विवाद हुआ था।




- आयुष अग्रवाल, एसडीएम


स्कूल के झगड़े में निलंबित छात्र फंदे पर लटका Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link