Primary Ka Master Latest Updates👇

Wednesday, November 18, 2026

एक साथ दो डिग्री कोर्स: यूजीसी ने तय की शर्तें, पीएचडी स्तर पर नहीं मिलेगी सुविधा

 एक साथ दो डिग्री कोर्स: यूजीसी ने तय की शर्तें, पीएचडी स्तर पर नहीं मिलेगी सुविधा

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत छात्र एक साथ दो डिग्री कर पा रहे हैं, समय की बचत और दो क्षेत्रों में अवसर का लाभ


नई दिल्ली: राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत यूजीसी की हरी झंडी के बाद देश के विश्वविद्यालयों के छात्र एक समय में दो डिग्री कोर्स कर रहे हैं। यह सुविधा सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, यूजी और पीजी स्तर के कोर्स पर लागू है, पीएचडी पर नहीं। इसके लिए यूजीसी ने कुछ शर्तें तय की हैं।




कैसे किए जा रहे हैं दोहरे कोर्स

कई विद्यार्थी बीएससी के साथ आईआईटी जैसे संस्थानों से ऑनलाइन बीएस डिग्री कर रहे हैं। वहीं कुछ छात्र बीए या एमए जैसे परंपरागत कोर्स के साथ कोई प्रोफेशनल डिग्री कोर्स भी कर रहे हैं। इससे उनका समय बच रहा है और वे दो अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने की तैयारी कर रहे हैं।


यूजीसी की प्रमुख शर्तें

यूजीसी के नियमों के अनुसार:


दोनों कोर्स समान स्तर के होने चाहिए। यानी एक ग्रेजुएट स्तर का और दूसरा पीजी स्तर का कोर्स नहीं किया जा सकता।

दोनों कोर्स यूजीसी से मान्यता प्राप्त होने चाहिए। ये एक ही संस्थान से या दो अलग संस्थानों से किए जा सकते हैं।

दो रेगुलर डिग्री कोर्स एक साथ किए जा सकते हैं, लेकिन दोनों की कक्षाओं का समय अलग होना चाहिए।

एक डिग्री रेगुलर कॉलेज से और दूसरी ओपन या ऑनलाइन मोड से की जा सकती है।

दोनों डिग्री ऑनलाइन या डिस्टेंस मोड में भी पूरी की जा सकती हैं।

रेगुलर मोड के कोर्स के लिए संबंधित विश्वविद्यालय और वैधानिक परिषदों (जैसे बीसीआई, एनसीटीई आदि) के उपस्थिति और अन्य नियमों का पालन अनिवार्य है।

पुरानी डिग्रियों को भी मान्यता

एनईपी 2020 के तहत एक साथ दो अलग-अलग डिग्री हासिल करने की छूट दी गई थी। शुरुआत में इसका लाभ केवल उन नए छात्रों को देने की बात कही गई थी, जो अधिसूचना जारी होने के बाद दाखिला लेंगे। हालांकि, जून 2025 में यूजीसी ने अधिसूचना से पहले की गई दोहरी डिग्रियों को भी मान्य करने की मंजूरी दी। यूजीसी के अनुसार, केवल वही डिग्रियां मान्य होंगी जो एनईपी के प्रावधानों और मापदंडों को पूरा करती हों। साथ ही ये यूजीसी के प्रथम डिग्री और मास्टर डिग्री विनियमों तथा संबंधित विश्वविद्यालय के नियमों के अनुरूप होनी चाहिए।


छात्रों को क्या लाभ

इस व्यवस्था से छात्रों का समय बचता है। अलग-अलग विषयों में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को दूसरी डिग्री के लिए तीन से चार साल का अतिरिक्त इंतजार नहीं करना पड़ता। दो डिग्रियों के साथ छात्र दो क्षेत्रों में अपना आधार तैयार कर सकते हैं। यह खासकर डेटा साइंस, बायोटेक्नोलॉजी, आर्थिक और कानूनी क्षेत्र जैसे उन क्षेत्रों में फायदेमंद है, जहां बहु-विषयक विशेषज्ञता की जरूरत होती है। दो डिग्रियां दो क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का आधार भी बनती हैं।

एक साथ दो डिग्री कोर्स: यूजीसी ने तय की शर्तें, पीएचडी स्तर पर नहीं मिलेगी सुविधा Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Primary ka school

Social media link