Primary Ka Master Latest Updates👇

Sunday, November 22, 2026

निरीक्षण में अनुपस्थित मिलीं शिक्षिका, उपस्थिति रजिस्टर में मिले हस्ताक्षर; बीएसए ने किया निलंबित

 निरीक्षण में अनुपस्थित मिलीं शिक्षिका, उपस्थिति रजिस्टर में मिले हस्ताक्षर; बीएसए ने किया निलंबित

लखीमपुर खीरी। बेसिक शिक्षा विभाग में विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान लापरवाही का मामला सामने आया है। बिना अवकाश स्वीकृत कराए विद्यालय से अनुपस्थित रहने और उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर पाए जाने पर बीएसए ने एक सहायक शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने 18 नवंबर को सुबह 9:07 बजे फूलबेहड़ ब्लॉक के संविलियन विद्यालय मोहम्मदपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सहायक शिक्षिका निशी सिंह विद्यालय में अनुपस्थित मिलीं। खास बात यह रही कि विद्यालय की उपस्थिति पंजिका में उनके हस्ताक्षर मौजूद थे।


जांच के दौरान यह भी सामने आया कि शिक्षिका मानव संपदा पोर्टल पर अवकाश स्वीकृत कराए बिना विद्यालय से अनुपस्थित थीं। वहीं, उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर मिलने पर उन्होंने एक दिन पहले ही अग्रिम हस्ताक्षर करने की बात कही।








लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई


बीएसए ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षिका निशी सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें उच्च प्राथमिक विद्यालय कोरारा से संबद्ध किया गया है।


आदेश में शिक्षण कार्य के प्रति उदासीनता, बिना अनुमति अनुपस्थित रहने और पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही को कार्रवाई का आधार बताया गया है। साथ ही अध्यापक आचरण नियमावली के उल्लंघन और अनुशासनहीनता के आरोपों के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।


खंड शिक्षा अधिकारी करेंगे मामले की जांच


पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी लखीमपुर को जांच अधिकारी नामित किया गया है। बीएसए ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित शिक्षिका को आरोप पत्र जारी कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच पूरी की जाए और जांच आख्या उपलब्ध कराई जाए।


इस कार्रवाई के बाद बेसिक शिक्षा विभाग में विद्यालयों में समय से उपस्थिति और उपस्थिति पंजिका के रखरखाव को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है।

निरीक्षण में अनुपस्थित मिलीं शिक्षिका, उपस्थिति रजिस्टर में मिले हस्ताक्षर; बीएसए ने किया निलंबित Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Primary ka school

Social media link