Primary Ka Master Latest Updates👇

Thursday, November 19, 2026

UP News: ग्रामीण स्टेडियमों में प्रशिक्षकों की तैनाती, हर महीने मिलेगा ₹16,356 बजट

 UP News: ग्रामीण स्टेडियमों में प्रशिक्षकों की तैनाती, हर महीने मिलेगा ₹16,356 बजट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 से प्रदेश के प्रत्येक ग्रामीण स्टेडियम के संचालन और रखरखाव के लिए 16,356 रुपये प्रतिमाह आवंटित किए जाएंगे। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रशिक्षकों की तैनाती

युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के अनुसार प्रदेश के 130 स्टेडियमों में अब तक 50 प्रशिक्षकों की तैनाती की जा चुकी है। अन्य पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है।


स्टेडियमों के रखरखाव के लिए मिलेगा बजट

प्रत्येक स्टेडियम को मिलने वाली धनराशि में से 12,356 रुपये सफाई व्यवस्था पर खर्च किए जाएंगे। इसके तहत पहली बार अकुशल श्रमिक भी रखे जाएंगे।


इसके अलावा स्टेशनरी, खेल गतिविधियों के लिए चूना एवं मार्बल डस्ट, सफाई सामग्री, छोटी-मोटी मरम्मत, फर्नीचर, खेल उपकरण और बिजली संबंधी खर्चों के लिए चार हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।


इस प्रकार एक स्टेडियम के संचालन पर सालाना 1,96,272 रुपये खर्च होंगे।


सीसीटीवी कैमरों से होगी स्टेडियमों की निगरानी

स्टेडियमों के संचालन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया जाएगा। प्रत्येक स्टेडियम में वाई-फाई आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि खेल गतिविधियों की रियल टाइम निगरानी हो सके। इसके लिए मंडलीय स्तर पर निगरानी सेल भी सक्रिय किया जाएगा।


अधिकारियों, मंडलीय उपनिदेशकों और जिला युवा कल्याण अधिकारियों द्वारा वीडियो कॉल एवं औचक निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। स्टेडियम में कमियों और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और प्रशिक्षकों के खिलाफ जवाबदेही तय की जाएगी।


प्रदर्शन के आधार पर तय होगी स्टेडियमों की श्रेणी

पंजीकृत खिलाड़ियों की संख्या, उपलब्ध सुविधाओं, खेल प्रदर्शन, अर्जित राजस्व और रखरखाव की स्थिति के आधार पर स्टेडियमों की श्रेणी निर्धारित की जाएगी। इसके अनुसार अतिरिक्त धनराशि देकर सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।


विद्यार्थियों के साथ आम नागरिक भी इन सुविधाओं का उपयोग कर सकेंगे। राज्य सरकार की खेल प्रतियोगिताओं के लिए सुविधाएं निःशुल्क रहेंगी, जबकि अन्य संस्थाओं से निर्धारित शुल्क लिया जाएगा।


पांच लाख से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ने का लक्ष्य

युवा कल्याण विभाग का लक्ष्य पांच लाख से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना है। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्टेडियमों में व्यवस्थाएं मजबूत की जा रही हैं।


इस संबंध में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के महानिदेशक सुहास एलवाई ने बताया कि प्रदेश के स्टेडियमों में प्रशिक्षण व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ ही रखरखाव के लिए अलग बजट निर्धारित किया गया है। इसके सकारात्मक परिणाम जल्द सामने आने की उम्मीद है।



UP News: ग्रामीण स्टेडियमों में प्रशिक्षकों की तैनाती, हर महीने मिलेगा ₹16,356 बजट Rating: 4.5 Diposkan Oleh: UP UPDATEMART

Social media link