Primary Ka Master Latest Updates👇

Saturday, October 2, 2021

कक्षा में गुरुजी की चारपाई, बच्चे गलियारे में करते हैं पढ़ाई

 कक्षा में गुरुजी की चारपाई, बच्चे गलियारे में करते हैं पढ़ाई 

विद्यालय में रहता है प्रधानाध्यापक और शिक्षामित्र का परिवार, नौगढ़ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय औरवाटांड़ का है यह हाल 

पीडीडीयू नगर / नौगढ़। शिक्षा व्यवस्था और मिशन कायाकल्प का किस तरह मजाक बन रहा है यह देखना हो तो आप नौगढ़ ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय औरवाटांड़ आइए। यहां दो कमरे हैं। दोनों में प्रधानाध्यापक, एक शिक्षामित्र और उनका परिवार स्थायी रूप से रहता है। कमरे में टेबल-कुर्सी नहीं बल्कि पलंग सहित गुरुजी की चारपाई है। जहां वे रात को सोते हैं और दिन में पढ़ाते हैं। 

बच्चे उसी कमरे के कोने या फिर गलियारे में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। इतना ही नहीं प्रधानाध्यापक ने विद्यालय में ही एक निजी आवास का निर्माण भी शुरू करा दिया है। मिशन कायाकल्प के तहत स्कूलों में सुधार व सुविधाओं के लिए सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है लेकिन पिछड़े ब्लॉक नौगढ़ में शिक्षा व्यवस्था का बुरा हाल है। पहले भी यहां के कई स्कूलों में तबेला, बकरियों के पालन, भूसा रखे जाने और कब्जा किए जाने की खबरें अमर उजाला ने प्रकाशित की है। इसी क्रम में अमर उजाला की पड़ताल में बृहस्पतिवार को एक ऐसा स्कूल दिखा, जिसने हैरत में डाल दिया। 


जी हां, नौगढ़ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय औरवाटांड़ में टेबल, कुर्सी की जगह गुरुजी की चारपाई लगी हुई मिली। उस पर बिस्तर होने के साथ ही मच्छरदानी भी लगी थी। बच्चे कहां पढ़ेंगे ये निश्चित नहीं है। कभी गलियारे में तो कभी कमरे के कोने में बच्चों को बैठाकर नाम की पढ़ाई करा दी जाती है। प्राथमिक विद्यालय में दो कमरे एक ऑफिस और गलियारा हैं। दोनों कमरों में प्रधानाध्यापक, एक शिक्षामित्र और उनका परिवार काफी दिनों से रह रहा है। कमरे में घरेलू सामान बिखरे हुए थे। सुबह 11.30 जब अमर उजाला की टीम विद्यालय पहुंची तो छात्र बाहर घूमते हुए मिले। कक्षा एक और दो के छात्र एबीसीडी तक नही सुना सके। वहीं विद्यालय की फर्श टूटी हुई थी।

कक्षा में गुरुजी की चारपाई, बच्चे गलियारे में करते हैं पढ़ाई Rating: 4.5 Diposkan Oleh: Updatemarts

Social media link