दुल्लहपुर। भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के एक इंटर कालेज में शनिवार को अध्यापकों और छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें प्रधानाचार्य सहित तीन शिक्षकों को चोटें आईं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
12वीं पास छात्रों की सनद मार्कशीट के नाम पर पैसे वसूलने का मामला कई दिनों से चल रहा था। छात्रों ने एसडीएम सूरज कुमार यादव से शिकायत की थी। भुड़कुड़ा कोतवाल शिव प्रताप वर्मा को जांच के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई थी। छुट्टी के बाद प्रधानाचार्य इंद्र भूषण राय ने पहले छात्रों को जाने की सलाह दी। इसके बाद छात्राओं को जाने लिए कहा। इसी बात को लेकर एक अन्य शिक्षक से कहासुनी हो गई। तब तक 12 वीं पास छात्र पहुंचे और प्रधानाचार्य और व्यावसायिक टीचर विनय कुमार चौबे को पीटने लगे। बीच बचाव करने आए अध्यापक केसर सिंह यादव को मार-पीटकर घायल दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले में जुट गई। भुड़कुड़ा कोतवाल शिव प्रताप वर्मा ने बताया कि छानबीन की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
दूसरी ओर घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए गहमागहमी का माहौल हो गया था।
